यूपी हो ही नहीं सकता था बिहार 

Publsihed: 09.Mar.2017, 22:42

वैसे अभी नतीजे नहीं निकले | पर एग्जिट पोल के संकेत साफ़ हैं | उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर ,यूपी में बीजेपी आगे | उत्तराखंड में चाणक्य ने तो बीजेपी को 53 सीटें बता कर कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ़ कर दिया | एक्सिस ने बीजेपी को 49 सीटें बताई हैं | टाईम्स नाऊ-वीएमआर  ने बीजेपी को उत्तराखंड में 38 सीटें दी हैं | सी वोटर के कुछ समझ नहीं आया , तो उस ने बीजेपी-कांग्रेस को 29 से 35 के बीच खुला छोड़ दिया | पर अपना आकलन साफ़ है - बीजेपी सत्ता या सत्ता के करीब होगी ,कांग्रेस कम से कम 7-8 सीटें पीछे | पजाब में कांग्रेस | हालांकि एमआरसी ने "आप" और कांग्रेस को बराबरी पर 55-55 बता कर त्रिशंकू नतीजे बताए हैं | सी वोटर "आप" को आगे बता रहा | मणिपुर और गोवा में भी बीजेपी का पलड़ा भारी | पर सब से ज्यादा महत्त्व की बात यूपी की | सपा-कांग्रेस गठबंधन अभी विधिवत हारा नहीं | बसपा अभी चारो खाने चित नहीं हुई | भाजपा अभी न तो यूपी जीती है, न बहुमत के करीब है | अभी तो सातों दौर की पोलिंग ख़त्म हुई है |  नतीजों को कुछ घंटे अभी बाकी हैं, पर अब कुछ नहीं हो सकता | जो होना था, हो गया | संसद के सेन्ट्रल हाल की गपशप वैसे तो बिलकुल भरोसे लायक नहीं होती | पर अपन को कोई सेन्ट्रल हाल में बता रहा था- अखिलेश ने अपना आकलन 240 का बताया है | उन का दावा था-अखिलेश ने यह बात पोलिंग के बाद एक अंदरूनी मीटिंग में कही | पर अपन तो वह बात करेंगे, जो उन ने खुलेआम बीबीसी को कही | गुरूवार को जब पोलिंग हो गई थी | तो बीबीसी का पत्रकार अखिलेश के पास गया | अखिलेश ने कहा_"हाँ अगर जरूरत पड़ेगी , तो कोई नहीं चाहेगा भाजपा गवर्नर के माध्यम से राज करे | या कोई नहीं चाहेगा कि बीजेपी की सरकार बने | तो ऐसे में कोई भी गठबंधन हो सकता है |" सवाल पूछा गया था-"क्या भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए बसपा से गठबंधन हो सकता है ?" यानि अब जब पोलिंग हो चुकी,तो अखिलेश में कोई कानाफिडेंस नहीं दिखा | अपना तो शुरू से ही आकलन रहा कि बहुमत आए, न आए , बीजेपी नंबर वन पार्टी होगी | अपना यह भी मत रहा कि बसपा नंबर तीन पार्टी होगी | बसपा इस बार अपनी औकात में आ जाएगी | तब अखिलेश का प्रस्ताव मानने को तैयार भी हो सकती है | मायावती ने भी कह दिया है-नतीजों के बाद देखेंगे | यानि कान्फिडेंस मायावती का भी खत्म | अपन बाकी खबरनवीसों का आकलन भी देख लें | संजीव श्रीवास्तव बीबीसी के इंडिया एडिटर थे | उन का अनुमान है-बीजेपी २२० से ज्यादा सीटें ले कर स्पष्ट बहुमत लाएगी | यही राय शाहिद सद्दीकी की भी है, जो उर्दू के अखबार नई दुनिया के सम्पादक हैं | वह सपा के राज्यसभा सदस्य रहे हैं | नलिन मेहता यूपी में टाईम्स नाऊ के सीनियर जर्नलिस्ट हैं | उन का मत है-भाजपा 160-१७० के बीच रहेगी | जावेद अंसारी आज कल इंडिया टूडे चैनल में हैं | यूपी में पीला-पढ़े हैं | उन की राय भी नलिन से मिलाती है | यानि बीजेपी नंबर वन तो होगी, पर 160 के आस पास रहेगी | सुनीता एरन लखनऊ की सीनियर जर्नलिस्ट हैं | अपन सालों से सुनीता एरेन के राजनीतिक विश्लेष्ण पढ़ रहे | अपन को उन के आकलन पर सब से ज्यादा भरोसा है | उन ने बीजेपी को 160 से 180 के बीच की भविष्यवाणी की है | शरद प्रधान भी लखनऊ के सीनियर जर्नलिस्ट | उन की राय भी हूँ-ब-हूँ सुनीता एरेन से मिलती जुलती | अब आप उन की राय भी सुन लो, जो बीजेपी को नंबर वन नहीं मानते | सब से पहले- केतकर | अब केतकर की तो क्या बात करें | उन ने आज तक कभी मोदी या बीजेपी को जीतता माना ही नहीं | लोकसभा चुनाव में जब सभी बीजेपी की जीत देख रहे थे, केतकर तब भी नहीं देख रहे थे | वह जाने माने भाजपा विरोधी हैं , सो अपन उन की राय को गिनते ही नहीं | न्यूरालोजिस्ट अनुपम की भविश्यवाणी है कि बीजेपी जरूर 160 ले जाएगी | पर अखिलेश-राहुल का गठबंधन 185 सीटें ले जाएगा | अब बात एग्जिट पोल की | तो एग्जिट पोल के बाद ही अखिलेश का वह बयान आया है  |  जिस में उन ने मायावती के साथ गठबंधन की खिड़की खोली है | अपन गुरूवार को सुबह ही सेन्ट्रल हाल में अटकल लगा रहे थे -" त्रिशंकू विधानसभा बनी, तो क्या यह नहीं हो सकता कि कांग्रेस सरकार बनाए | मायावती और अखिलेश बाहर से समर्थन दे |" आखिर बीजेपी को दूर रखने के लिए ये सेक्यूलर ब्रिगेड कुछ भी कर सकते हैं | और शाम को वही हुआ , जब अखिलेश ने बुआ की तरफ हाथ बढ़ा दिया | वैसे ऐसा होना-जाना नहीं | ऐसी गुंजाईश ही नहीं रहेगी | एग्जिट पोल में भी साफ़ निकला है | टाईम्स नाऊ-वीएमआर का एग्जिट पोल- बीजेपी 190-210, सपा-कांग्रेस  110-130, बसपा  57-74 सीटें |  एबीपी -सीएसडीएस का एग्जिट पोल 164-174, सपा 156-169,बसपा 62-72 सीटें | न्यूज एक्स - एम्आरसी का एग्जिट पोल बीजेपी 180 ,सपा 136 , बसपा 90 सीटें | सी-वोटर बीजेपी 161, सपा 141, बसपा 87 सीटें | आक्सस एग्जिट पोल बीजेपी 254 , सपा 114 , बसपा 35 सीटें | इंडिया टूडे  के मुताबिक़ बीजेपी 251-269, सपा 88-112, बसपा 28-42 सीटें | यानि बीजेपी की ही सरकार बननी है |  बीजेपी  विरोधियों के यह गले नहीं उत्तर रहा | उन का तर्क है कि बिहार जैसा ही यूपी में होगा | पर अपनी राय साफ़ है | यूपी तब बिहार होता, जब अखिलेश-मायावती -राहुल का गठबंधन हुआ होता | जैसे बिहार में नितीश -लालू-राहुल में हुआ था | 

आपकी प्रतिक्रिया