शिवसेना का दावा है मोदी लहर फीकी पडी 

Publsihed: 28.Oct.2017, 00:11

अजय सेतिया / अपन ने शुक्रवार के कालम में राज ठाकरे का जिक्र किया था | जिन ने भविष्यवाणी की है कि गुजरात चुनाव के बाद विपक्ष मजबूत होगा | अपन को शक है कि राज ठाकरे कांग्रेस के साथ जाने की सोच रहे हैं | पर अपना मानना है कि विपक्ष 182 में से 80 सीटें भी ले जाए तो विपक्ष जरुर मजबूत होगा | वैसे तो शिव सेना भी लगातार भाजपा पर प्रहार कर रही है | कभी कभी सीधे मोदी पर भी हल्का फुल्का प्रहार होता है | पर शुक्रवार को शिव सेना के सांसद संजय राउत ने आमने सामने की लड़ाई कर दी है | संजय राउत ने भाजपा का उपहास करते हुए कहा - "'मोदी लहर अब फीकी पड़ गई है...|" सिर्फ इतना नहीं अलबत्ता संजय ने यह भी कि कहा राहुल नेता बन गए हैं | उन ने कहा-" एक समय था जब राहुल के आते ही लोग चैनल बदल लेते थे | अब लोग राहुल को सुनते हैं | अलबत्ता मोदी के आते ही लोग चैनल बदल लेते हैं | संजय राउत ने यहाँ तक कहा है कि राहुल गांधी अब देश का नेतृत्व करने के योग्य हो गए हैं | लोग अब सुनना चाहते हैं कि राहुल क्या कह रहे हैं... उन्हें 'पप्पू' कहकर पुकारा जाना गलत है... देश में सबसे बड़ी राजनैतिक ताकत जनता है, वोटर हैं... वे किसी को भी 'पप्पू' बना सकते हैं..."  साफ़ है कि शिवसेना क्या कहना चाहती है | वह राहुल गांधी को मोदी के बराबर ला कर खडा कर रही है | अलबत्ता इशारों में यह भी कह दिया कि जनता किसी को भी पप्पू बना सकती है | बात गुजरात के चुनाव पर हो रही थी | और राईट एक न्यूज चैनल पर बहस में बोल रहे थे | संजय राउत ने कहा -लगातार पांचवीं बार जीत हासिल करना चुनौती साबित होगा | क्योंकि जनता जीएसटी से खफा है | जीएसटी लागू होने के बाद लोग गुजरात की सड़कों पर जुलूस निकाल रहे हैं | उससे लगता है कि भाजपा  के सामने चुनौती है... 2014 के आम चुनाव के समय 'मोदी लहर' थी, लेकिन अब वह फीकी पड़ चुकी है...|" इस से पहले 23 अक्टूबर को शिव सेना ने भाजपा पर सामना के सम्पादकीय से हमला बोला था | संजय राउत सामना के सम्पादक और शिवसेना के सांसद भी हैं | सामना के उस सम्पादकीय में भाजपा का नाम तो नहीं लिया गया था | पर जो कुछ लिखा गया , उसे पढ़ कर हर कोई समझ सकता है कि बात भाजपा की हो रही है | शिवसेना ने सम्पादकीय में लिखा-"  केवल एक पार्टी के पास अकूत धन है | लोगों की ओर से खारिज किये जाने के बावजूद यह पार्टी गोवा तथा मणिपुर में सत्ता में आयी है | " अब यह कौन नहीं जानता कि गोवा और मणिपुर में भाजपा को बहुमत नहीं मिला था | और यह भी सब को पता ही है कि इन दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनी | पहले यह आरोप कांग्रेस ने लगाया था कि भाजपा ने खरीद-फरोख्त से सरकार बनाई | अब वही बात भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार में सहयोगी शिव सेना ने कही है |  यानि भाजपा और शिव सेना में तलाक की नौबत आ गई है | शिव सेना आए दिन गठबंधन तोड़ने की धमकी दे रही है | इस सम्पादकीय में यह भी कहा गया कि -" भाजपा को धन का घमंड हो गया है | वह खुलेआम कह रही है कि शिव सेना ने समर्थन वापस ले लिया, तो भी भाजपा सरकार बचेगी | यानि वः धन बल पर सरकार बनाए रखने की धमकी दे रही है | भाजपा धन का इस्तेमाल कर शिव सेना को उखाड फेंकने की कोशिश कर रही है |" गुजरात चुनाव के वक्त शिवसेना के तेवरों से भाजपा में खलबली मची हुई है | शिवसेना के तेवरों का असर गुजरात पर भी पडेगा | इस लिए भाजपा हाई कमान ने दवेंद्र फडनवीस को हरी झंडी दे दी है | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी चुप्पी तोड़ दी है | उन ने भी शिवसेना को चेतावनी दे दी है | फडनवीस ने शुक्रवार को कहा-" शिवसेना का  दोहरा रुख' छिप नहीं पाएगा | उद्धव ठाकरे को तय कर लेना चाहिए कि वह भाजपा के साथ गठबंधन जारी रखना चाहते हैं या नहीं | " एक समारोह के दौरान उन ने कहा, "शिवसेना हमारे हर फैसले का विरोध करती है... वे अपने सुझाव दे सकते हैं, लेकिन एक ही साथ सत्तारूढ़ दल और विपक्षी की भूमिका नहीं निभा सकते...|" यानि गुजरात के चुनाव का राजग और राष्ट्रीय राजनीति पर असर होगा | राजग टूट सकता है | अगर ऐसा होता है तो शिवसेना न सिर्फ फडनवीस सरकार से बाहर आएगी | अलबत्ता मोदी सरकार से भी बाहर आएगी | फडनवीस ने शिवसेना को धमकी तो दे दी है | पर उन के पास बहुमत नहीं बचेगा | पहले तो फडनवीस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के बाहर से समर्थन पर सरकार बना ली थी | पर अब शरद पवार के तेवर तीखे हुए हैं | एनडीए ने भी पवार को कई मामलों में फंसाने की कार्रवाई शुरू कर राखी है | हिन्दू आतंकवाद में भी पवार की भूमिका जाहिर हो चुकी है | मोदी सरकार पर भले ही कोई असर नहीं पडेगा | पर भाजपा की महाराष्ट्र सरकार गिर सकती है | कांग्रेस की ज़रा सी ताकत बढी | तो गुजरात चुनाव के बाद राष्ट्रीय राजनीति बदलेगी | पर गुजरात के चुनाव नतीजे से ही तय होगा कि मोदी कहर फीकी पडी है या नहीं | 

आपकी प्रतिक्रिया