भाजपा को शैली बदलनी होगी

Publsihed: 25.Dec.2019, 22:19

अजय सेतिया / वैसे कांग्रेस और भाजपा की कार्यशैली में कोई अंतर नहीं है | लीडर आधारित पार्टियां ज्यादा समय तक लोकप्रिय नहीं रहती | जनता जब उखाड़ने को आती है तो 1971 की शेरनी को सिर्फ छह साल बाद 1977 में उखाड़ फैंकती है | भाजपा का नेतृत्व तो लालू, मुलायम, माया, जयललिता की पार्टियों को व्यक्तिगत दुकाने कहते रही है | कई बार कांग्रेस को भी एक परिवार की प्राईवेट लिमिटेड कम्पनी कहती है | फिर भाजपा खुद ऐसी क्यों बनती जा रही है | भाजपा की खासियत तो सामूहिक नेतृत्व की रही है | भाजपा के कार्यकर्ता ही ऐसा क्यों कहने लगे हैं कि उन का नेतृत्व दो नेताओं के इर्द गिर्द सिमट गया है | पार्टी में उन की शिकायतों को सुनने वाला कोई नहीं रहा | पार्टी अब अपने कार्यकर्ताओं की सम्भाल भी नहीं करती , जैसा कि संघ परिवार की पद्धति रही है | संगठन पर पहले संघ से आए संगठन मंत्रियों की पकड़ रहती थी , वह भी लाचार हो गई है |

एक जमाना था , जब कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं , बल्कि एक राजनीतिक आन्दोलन था | हर कोई उस से सहज ही जुड़  जाता था | अपन आज़ादी से पहले की बात नहीं कर रहे , इंदिरा गांधी के पार्टी का एक छत्र नेता बनने से पहले तक यह हालत थी | कांग्रेस का सदस्य न होते भी कोई शख्स कांग्रेस कार्यालय में जा कर अपनी शिकायत, नाराजगी , उस के साथ हो रहे अन्याय या यहाँ तक कि कोई सुझाव दे सकता था | धीरे धीरे कांग्रेस जन जन की पार्टी बने रहने के बजाए इलीट क्लास की पार्टी बन गई | नतीजा यह निकला कि इलीट क्लास ही हाई कमान के आँख-कान बन गए | इलीट क्लास का जमीनी हकीकत से कोई मतलब नहीं होता , हालांकि उन के सुझाव कई बार बहुत महत्वपूर्ण हो जाते हैं , पर वे कभी नेता नहीं हो सकते |  

न वे चुनावी राजनीति के मर्मग्य होते हैं , न जमीनी समस्याओं और हकीकत को समझ पाते हैं | कांग्रेस के रसातल में जाने का एक बड़ा कारण यह भी रहा कि राजीव गांधी के जमाने से ही पार्टी के प्रदेशों के प्रभारी राज्यसभा वाले बनाए जाने लगे थे | वे पार्टी हाईकमान को सलाह देते थे , और अपने सलाह के मुताबिक सहमती ले कर राज्य ईकाईयों को हुक्म सुनाने लगे , वे ऊपर से आदेश के नाम पर प्रदेश और जिला अध्यक्ष नियुक्त करने लगे , यहाँ तक कि मुख्यमंत्री भी ऊपर से तय होने लगे | जिस कारण पार्टी में पहले निराशा , फिर आक्रोश और अंत में बगावत होने लगी | इस तरह कांग्रेस आज इस हालत में पहुंच गई है |

महाराष्ट्र और झारखंड के बाद भाजपा के बारे में अब कुछ लिखने को नहीं रह गया | हूँ-ब-हूँ वही तो हुआ है , जो कांग्रेस में हुआ | कांग्रेस में व्यापक सुधार हो रहा है , महाराष्ट्र में सरकार बनाने का श्रेय जमीनी राजनीति से जुड़े मल्लिकार्जुन खड्गे को जाता है , जिन्होंने सोनिया गांधी को जमीनी हकीकत से रूबरू करवाया | कांग्रेस कार्यसमिति में भारी विरोध के बावजूद उन्होंने यह कह कर सोनिया को राजी किया कि प्रदेश के नेताओं और विधायकों की बात सुननी पड़ेगी | क्या भाजपा में ऐसा हो रहा है | अगर हो रहा होता तो झारखंड में भाजपा के अनेक नेता अपनी पार्टी की हार पर खुश नहीं होते , जैसा उन्होंने सोशल मीडिया पर खुशी का इजहार किया है | भाजपा केंद्र से राज्यों को चलाने वाली अपनी शैली नहीं बदलेगी तो एक एक कर सभी राज्य गंवा लेगी |  हालांकि कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के कारण भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर कोई खतरा नहीं | नागरिकता संशोधन क़ानून का विरोध कर के उस ने अपनी ही जड में एकबार फिर मठ्ठा डाला है | राज्यों में भाजपा की हार के कारण कांग्रेस इस मुगालते में न रहे कि भाजपा का हिन्दू वोट बैंक खिसक रहा है |

बड़ा सवाल यह है कि जिस तरह भाजपा राज्यों में हार रही है , मोदी सरकार इसी टर्म में राज्य सभा में फिर अल्पमत में आ जाएगी , फिर उस के हाथ बंध जाएंगे | राज्यों में भाजपा उन बीमारियों के कारण हार रही है, जिन का जिक्र अपन ने ऊपर किया , जो कांग्रेस से भाजपा में पहुंच चुकी हैं | भाजपा में कभी हाईकमान की परम्परा नहीं हुआ करती थी | राज्यों के प्रभारी राज्यों में जा कर हाईकमान का हुक्म नहीं बजाया करते थे | प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ऊपर से थोंपे  नहीं जाते थे | अब भाजपा अपने चुनाव प्रभारी भी उन नेताओं को बनाती है , जिन्होंने कभी चुनाव नहीं जीता , न ही कभी जीत सकते हैं | वे जा कर बताते हैं कि चुनाव कैसे जीते जाते हैं |

आपकी प्रतिक्रिया