पाकिस्तान नहीं, टेररस्तान कहिए जनाब 

Publsihed: 23.Sep.2017, 00:17

अजय सेतिया / इस बार नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में भाषण देने नहीं गए | पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का इतना कद भी नहीं , जो मोदी खुद जवाब देने जाते | पाकिस्तान को वही राग कश्मीर तो बजाना ही होता है | पनामा पेपर लीक में नवाज शरीफ शहीद न होते | तो बेचारे शाहिद खाकान अब्बासी को कहाँ पीएम बनाने का मौक़ा मिलना था | कहाँ वह पीएम के नाते संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में भाषण दे पाते | किस्मत का खेल है | शाहिद खाकान अब्बासी ने जब अपने भाषण में भारत पर पाकिस्तान में आतंक फैलाने का आरोप लगाया | तो अपन को मनमोहन सिंह की याद आ गई | जिन ने शरमलशेख में कहा था कि पाकिस्तान भी आतंकवाद का शिकार है | पाकिस्तान बलूचिस्तान के विद्रोह का ठीकरा भारत के सिर फोड़ता रहा है | भारत हमेशा इनकार करता रहा है | पर मनमोहन सिंह ने बलूचों की लड़ाई को आतंकवाद मांन लिया था | नरेंद्र मोदी ने इस के ठीक उलट लाल किले से बलूचिस्तान की आज़ादी का समर्थन किया | आज़ादी के वक्त बलूचिस्तान पाकिस्तान का हिस्सा नहीं था | बलूचिस्तान ने पाक में विलय से इनकार कर दिया था | अलबत्ता भारत में विलय का प्रस्ताव भेजा था | पर जवाहर लाल नेहरु ने इनकार कर दिया था | पाकिस्तान ने बेईमानी से बलूचिस्तान पर कब्जा किया था | बलूचिस्तान ने कभी हार नहीं मानी | उन का संघर्ष और बलूचिस्तान की आज़ादी का आन्दोलन जारी है | मोदी के भाषण से बलूचिस्तान का आंदोलन चला रहे निर्वासित बलूचियों के होंसले बुलंद हुए हैं | बलूचिस्तान के सबसे बड़े नेता नवाब अकबर बुगती के पौत्र ब्रह्मामुदाघ बुगती ने मोदी का आभार जताया | वह अभी स्विट्जरलैंड में निर्वासन की जिंदगी जी रहे हैं | बुग्ती परिवार के ज्यादातर सदस्य स्विट्जरलैंड में है | बलूच रिपब्लिकन पार्टी के नेता अजीजुल्लाह बुगती ने भारतवासियों से मदद माँगी है | ताकि बलूचिस्तान पर पाकिस्तान के अवैध कब्जे का खात्मा हो सके |  अंतरराष्ट्रीय ख्याति की एक अन्य बलूची नेता नाएला कादरी बलूच ने मोदी को महान नेता बताया |  उन ने कहा कहा कि आखिरकार भारत ने 70 सालों की चुप्पी तोड़ दी | बलूचिस्तान में बलूचियों से गुलामों की तरह व्यवहार हो रहा है | वहां मानवाधिकार नाम की कोई चीज नहीं | नवाब अकबर बुगती को परवेज मुशरफ ने पहाड़ों में घेर कर मरवा दिया था | पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने भारत पर मानवाधिकार हनन का आरोप लगाया | शुक्रवार को जब वह संयुक्त राष्ट्र में बोल रहे थे | ठीक उसी समय बलूच नेता नवाबजादा घजीन मार्री को गिरफ्तार किया जा रहा था |  वह 18 साल के निर्वासन के बाद शुक्रवार को बलूचिस्तान लौटे है | उन पर बलूच जज की हत्या का झूठा केस बनाया गया था | खैर संयुक्त राष्ट्र में अपनी स्थाई प्रतिनिधि ईनम गंभीर ने अपन को पिछले साल भी बहुत प्रभावित किया था | जब विदेश सेवा की इस अधिकारी ने नवाज शरीफ को मुहं तोड़ जवाब दे कर उन की बोलती बंद कर दी थी | पिछले साल अंडर सेक्रेट्री ईनम का भाषण 24 सितम्बर को हुआ था | तब अपन ने लिखा थाथा-" ईनम का भाषण कूट्नीतिक से ज्यादा राजनीतिक नेताओ जैसा था | उस ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भाषण के चिथडे उडा कर रख दिए | ईनम गंभीर ने पाकिस्तान को एक ‘आतंकी देश’ बताते हुए कहा कि वह  भारत में आतंक प्रायोजित कर रहा है | जिन लोगों को संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी करार दिया है, वे पाकिस्तान की सड़कों पर खुले आम घूमते हैं | वे पाकिस्तान  सरकार की मदद से अपनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं | मानवाधिकारों का सबसे बड़ा उल्लंघन आतंकवाद है | और पाकिस्तान में इसका इस्तेमाल सरकारी नीति के तौर पर किया जाता है | तो यह पाकिस्तान की ओर से किया जा रहा एक युद्ध अपराध है |" एक साल बाद ईनम गम्भीर के तेवर और ज्यादा तीखे दिखे | पाकिस्तान के पीएम ने कश्मीर में मानवाधिकार उलंघन की बात कही थी | तो ईनम गम्भीर ने कहा - " जो देश ओसामा बिन लादेन और मुल्ला उमर को पनाह देता हो, वह मानवाधिकार का ज्ञान न बघारे | " पाकिस्तान के पीएम ने संयुक्त राष्ट्र से कहा था कि वह कश्मीर में जनमत संग्रह का अपना प्रस्ताव लागू करवाए |  इस पर पलटवार करते हुए  ईनम गंभीर ने दो-टूक शब्दों में कहा-" पाकिस्तान किसी भी किस्म की गलतफहमी न पाले | जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और रहेगा | पाकिस्तान आतंकियों का गढ़ है | वही पीड़ित होने का दावा कर रहा है | पाकिस्तान में हाफिज सईद जैसे आतंकी बैठकर आतंकवादी गतिविधियां चला रहे हैं | पाकिस्तान  पूरी दुनिया में आतंक फैला रहा है | उसे पाकिस्तान कहने की बजाए टेररस्तान कहना चाहिए |" ईनम गंभीर ने पिछले साल ही देश का दिल जीत लिया था | इस साल तो पाकिस्तान को नया नाम देकर कमाल कर दिया | अब दुनिया भर में पाकिस्तान टेररस्तान के नाम से जाना जाएगा | सोशल मीडिया इस में अहम् भूमिका निभा सकता है | देखते हैं अब शनिवार को सुषमा स्वराज पाकिस्तान को क्या कहती हैं | पिछले साल भी सुषमा से एक दिन पहले ईनम गम्भीर ने बाजी मार ली थी | 

 

आपकी प्रतिक्रिया