राहुल ने "टच थरेपी " से कांग्रेस में भर दिया आत्मविश्वास 

Publsihed: 19.Dec.2017, 23:00

अजय सेतिया / गुजरात के चुनाव नतीजे से नरेंद्र मोदी खुश हैं | ऐसा इजहार उन ने भाजपा दफ्तर में अपने भाषण में दिया था | राहुल गांधी भी गुजरात के चुनाव नतीजों से दुखी नहीं हैं | ऐसा एहसास उन की ट्विटर पोस्टों से आ रहा था | अब उन ने सामने आ कर भी नतीजों को मोदी के खिलाफ बताया | उन ने कहा-" भाजपा को जोरदार झटका लगा | भले ही हम हार गए, पर हमारे लिए अच्छे रिजल्ट हैं |" पर भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना की टिप्पणी से मोदी जल - भुन गए होंगे | उद्धव ठाकरे ने कहा -"गुजरात में बीजेपी का सत्ता में आना बड़ी बात नहीं | असली विजेता कांग्रेस है | भाजपा किसी तरह चुनावी इम्तिहान पास करने में सफल हुई है | पर दिखा ऐसे रही है जैसे उसे बहुत अच्छे नंबर मिले हों |" उद्धव ठाकरे ने हार्दिक पटेल एंड कम्पनी को तो बंदर बताया | पर साथ में यह भी कहा कि -" इन बंदरों ने शेर को तमाचा जड़ दिया |  गुजरात मॉडल हिल गया है | " उद्धव ठाकरे ने वह बात पहली बार खुल कहा है | जो भाजपा के सांसद भी दबी जुबान से कहते रहे हैं | उन की वह टिप्पणी भाजपा और एनडीए में चल रही सुगबुगाहट का खुलासा है | शिवसेना के मुखपत्र सामना ने उद्धव ठाकरे ने लिखा है-" चुनावी नतीजे तानाशाही शासन में यकीन रखने वालों के लिए खतरे की घंटी' है |" अपन भी गुजरात के नतीजों को मोदी के लिए खतरे की घंटी मानते हैं | अलबत्ता मोदी के लिए नहीं, भाजपा के लिए खतरे की घंटी कहना चाहिए | मोदी तो एक बार कह ही चुके हैं -" मेरा क्या है, मैं तो झोला उठा कर चला जाऊँगा |" शिवसेना और कांग्रेस में नजदीकी का एहसास हो रहा है | उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने साफ़ कहा है वे एक साल में एनडीए से बाहर हो जाएंगे | लोकसभा चुनाव में सवा साल बचा है | यानी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले जब यूपीए का पुनर्गठन हो रहा होगा | तब शिवसेना एनडीए को छोड़ यूपीए के साथ चली जाएगी | अब विचारधारा का संकट भी नहीं रहा | राहुल गांधी ने मुस्लिम तुष्टिकरण का रास्ता छोड़ने का संकेत दे दिया है | अलबत्ता वह कांग्रेस को हिंदुत्व की ओर ले जाएंगे | जैसा कि कांग्रेस आज़ादी से पहले मानी जाती थी | कांग्रेस तो नेहरु के हाथ में आने के बाद सेक्यूलर हुई | और इंदिरा गांधी के हाथ में आने के बाद पहले सवैधानिक तौर पर सेक्यूलर हुई | फिर अल्पसंख्यकवाद की ओर बढ़ गई | सोनिया गांधी के जमाने में तो हिन्दू विरोधी हो गई | खैर चुनाव नतीजों से भले ही मोदी और अमित शाह ने जश्न मनाया | पर राहुल गांधी भी निराश नहीं हैं | उन के हौंसले बुलंद हुए हैं | इतवार को कांग्रेस की तरफ से जब सोनिया गांधी को अशोका होटल में डिनर दिया गया | तो राहुल गांधी ने कांग्रेस के सासदों से खुल कर बात की | राहुल ने सब को इत्मीनान से सुना | अपनी बात भी कही | उन्हें पता था कि कांग्रेस सत्ता में नहीं आ रही | पर उन्हें यह भी पता था कि कांग्रेस की सीटें बढ़ रही हैं | इसलिए वह आत्मविश्वास से भरे हुए थे | बल्कि उन ने गर्मजोशी के साथ सभी सांसदों से हाथ मिला "टच थरेपी" से आत्मविश्वास उन में ट्रांसफर भी किया | अपन सोमवार को संसद भवन नहीं जा सके थे | मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा के कई सांसदों से गुफ्तगू हुई | कांग्रेसी आत्मविश्वास से भरे हुए थे | भाजपा के सासदों का आत्मविश्वास डगमगाया हुआ था | इस का असर संसद की कार्रवाई पर भी दिखा | कांग्रेस ने दोनों सदनों में मणिशंकर अय्यर के घर हुए भोज के बाद मोदी की टिप्पणी को मुद्दा बनाया हुआ है | मोदी की मनमोहन सिंह पर टिप्पणी भाजपा के जी का जंजाल बन गई है | कांग्रेस संसद नहीं चलने दे रही | मोदी से माफी मांगने की मांग की जा रही है | लोकसभा में सोनिया गांधी और राहुल की मौजूदगी में दिन भर हंगामा रहा | तो राज्यसभा में मनमोहन सिंह की मौजूदगी में हंगामा रहा | राज्यसभा में वंकैयानायडू का सभापति के नाते श्रीगणेश है | जब वह संसदीय मंत्री थे, तो विपक्ष की ऐसी तैसी किए रखते थे | अब उसी विपक्ष की बारी है | उसने सोमवार के बाद मंगलवार को भी उन्हें लाचार बना दिया | वंकैयानायडू की ओर से मोदी का बचाव तो उन्हें और महंगा पडा | लोकसभा में भी यही हाल था | जमकर नारेबाजी हुई | सुमित्रा महाजन ने कहा कि रोज-रोज इस तरह से सदन के कार्य में बाधा डालना ठीक नहीं | अब स्पीकर, सभापति, संसदीय मंत्री कुछ भी कहते रहें | निंदनीय कहते रहें या हमला करते रहें | पर कांग्रेस के हौंसले बढे हुए हैं | मंगलवार को मीडिया के साथ खुलकर बात कर राहुल ने कांग्रेसी सांसदों में और जान फूंक दी | राहुल बोले - "मोदी  की बात को देश नहीं सुन रहा है | भाजपा को गुजरात में जबरदस्त झटका लगा है | मुझे गुजरात में पता चला कि वहीं के लोग मोदीजी के गुजरात मॉडल को नहीं मानते |  प्रचार बहुत अच्छा है | मार्केटिंग बहुत अच्छी है | पर अंदर से खोखला है | " यानी राहुल ने अब गुजरात माडल की धज्जियां उड़ाने की रणनीति बना ली है | आप देखिए राहुल औरर उद्धव ठाकरे दोनों ने ही गुजरात माडल को खोखला बताया है | 

आपकी प्रतिक्रिया