राहुल कांग्रेस की मुस्लिम परस्ती के दाग धो देंगे 

Publsihed: 14.Nov.2017, 00:18

अजय सेतिया / गुजरात विधान सभा का चुनाव असल में मिनी लोकसभा चुनाव है | सोशल मीडिया का जायज नाजायज हर तरह का इस्तेमाल हो रहा है | हार्दिक पटेल ने जब से आरक्षण की मांग छोड़ भाजपा को मुख्य मुद्दा बनाया है | तब से हार्दिक पटेल भाजपा के निशाने पर आ गए हैं | सोमवार को हार्दिक पटेल की सेक्स सीदी सामने आ गई | राजनीति में सेक्स सीडियों का जोर है | पिछले दिनों छतीसगढ़ मूल के पत्रकार विनोद वर्मा एक मंत्री की सेक्स सीडी बनाने के मामले में धरे गए थे | वह छतीसगढ़ चुनाव में जारी करने के लिए सीडी बना रहे थे | उन ने अपने हल्फिया बयान में बाद में माना कि वह कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे | छतीसगढ़ सरकार को वक्त रहते ही भनक लग गई | विनोद वर्मा अब जेल में हैं | तो भाजपा भी कांग्रेस से कम नहीं | उस की टीम ने गुजरात में हार्दिक पटेल की सीदी बना राखी थी | वैसे हार्दिक पटेल को इस सीदी आने का पहले से पता था | जिस दिन उस की राहुल से होटल में मिलने जाने की सीदी आउट हुई थी | हार्दिक ने उसी दिन कह दिया था कि उन की एक और सीडी सामने आ सकती है | अब हार्दिक पटेल ने खुली धमकी दी है | उन ने कहा है कि वः भी भाजपा कई नेताओं की सेक्स सीडी जारी करेंगे | यानी का गुजरात बहुत गंदा होगा | लोगों को मुफ्त में ब्ल्यू फ़िल्में दिखाई जाएँगी | अपन नहीं जानते कि सेक्स सीडियां चुनाव को कितना प्रभावित करेंगी | जब महंगाई चुनाव को प्रभावित नहीं करती , तो सेक्स सीडी क्या करेगी | मोदी को मुश्किल तो हुई होगी | जब एन चुनाव के वक्त सोमवार को खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी हुए | अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 3.58 फीसदी के स्‍तर पर पहुंच गई | अगस्त में रिटेल महंगाई दर 3.28 फीसदी थी | इस में पेंच यह है कि शहरों में महंगाई गाँवों से दुगनी बढ़ी है | पर मोदी तो क्या राहुल गांधी भी जानते हैं कि गुजरात के चुनाव में इस का कोई असर नहीं पडेगा | गुजरात का चुनाव गुजराती पीएम को बचाने के मुद्दे पर होगा | भाजपा से नाराज होने के बावजूद गुजराती मोदी के लिए भाजपा को वोट देंगे | इस के बावजूद राहुल गांधी ने अपना पूरा जोर लगा रखा है | उन का लक्ष्य चुनाव जीतना कम, कांग्रेस पर लगा मुस्लिम परस्ती का दाग धोना ज्यादा है | ताकि 2019 के चुनाव में हिन्दू वोट लौट सके | जो कल तक मंदिरों को लड़कियों से छेड़छाड़ का अड्डा बता रहे थे | वही राहुल गांधी मंदिर मंदिर घूम रहे हैं | राहुल गांधी की मंदिर परिक्रमा ने भाजपा को सकते में डाल दिया है | कांग्रेस का विश्लेष्ण बताता रहा था कि मुस्लिम परस्ती के कारण कांग्रेस डूब रही है | एके एंथनी हिन्दू नहीं हैं | वह तो सोनिया गांधी की तरह ईसाई हैं | उन की चुनाव बाद की रिपोर्ट में कहा गया था कि कांग्रेस की मुस्लिम परस्ती से हिन्दू वोटर खफा है | पर कांग्रेस आला कमान न सिर्फ मुस्लिम परस्ती पर चलता रहा | अलबत्ता हिन्दू आतंकवाद की थ्योरी भी चला दी थी | इसे साबित करने के लिए सेना के देशभक्त जवान कर्नल पुरोहित तक को नहीं बख्शा था | वैसे तो मनमोहन सरकार के मंत्रियों के रिकार्ड तोड़ भ्रष्टाचार से भी जनता परेशान थी | नरेंद्र मोदी अगर भाजपा को अपने बूते पर सत्ता में ले आए | तो अपन उस की दो वजह मानते हैं | सब से पहली- कांग्रेस की मुस्लिम परस्ती| दूसरी- मनमोहन सरकार का भ्रष्टाचार | दोनों ही मुद्दे कांग्रेस के नेगटिव वोटिंग के मुद्दे बने | भाजपा को फायदा यह था कि उस के वर्कर राहुल के  हिन्दू होने पर सवाल उठाते थे | जो जनता को अपील कर गए | लोकसभा चुनाव हारते ही मनमोहन सरकार के खिलाफ उपजा गुस्सा तो अपने आप शांत हो गया | पर कांग्रेस की महाराष्ट्र , गोवा, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड चुनावों में भी करारी हार हुई | तब जा कर कांग्रेस में मुस्लिम परस्ती की थ्योरी पर मंथन हुआ और मंथन का नतीजा अपने सामने है | राहुल मंदिर मंदिर जा मुस्लिम परस्ती के दाग धो रहे हैं | तो भाजपा खेमे में खलबली है | सोमवार को भी राहुल का मंदिर दर्शन जारी रहा | अब तो लोग हंसी मजाक में कह रहे हैं कि राहुल तीर्थाटन पर निकले हैं या चुनाव प्रचार में | भाजपा में खलबली  का अंदाज अपन भाजपा महासचिव के बयान से लगा सकते हैं | भूपेन्द्र यादव ने भी गुजरात का मोर्चा सम्भाला हुआ है | वह बोले- " राहुल गांधी मंदिरों में जा रहे हैं और पूजा कर रहे हैं, यह संस्कृति का हिस्सा है और अच्छा भी है | हालांकि यह प्रवृत्ति अपने आप आती है और यह सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए |" सोमवार को राहुल गांधी पाटन में थे | तो वहां भी मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से रु-ब-रु हुए |  तो खबरचियों ने भूपेन्द्र यादव की टिप्पणी वाला यही लाख टेक का सवाल पूछ लिया | तो राहुल गांधी ने नया खुलासा किया | उन ने कहा, " मैं शिव का भक्त हूं, सच्चाई में विश्वास करता हूं। बीजेपी जो भी बोले, मैं अपनी सच्चाई में विश्वास करता हूं |" है ना यह राहुल गांधी का नया खुलासा | 
 

आपकी प्रतिक्रिया