जुमे की नमाज के बाद सडको पर हिंसा

Publsihed: 23.Sep.2016, 22:40

जुमे की नमाज के बाद मस्जिदों से हिंसा के भडकाऊ भाषणो और घोषणा के बाद लोग सड़कों पर उतरकर सुरक्षा बलों पर पथराव करने लगे।  भीड़ को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पेलेट गन का इस्तेमाल भी किया गया। उत्तरी कश्मीर के बारामुला में हिंसा के दौरान सेना का काफिला गुजर रहा था। उपद्रवियों ने सैन्य वाहनों पर पथराव कर दिया। सेना की ओर से उपद्रवियों पर नियंत्रण पाने को कार्रवाई की गई।दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग में भी झड़पें हुईं। आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 

इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वह जिले के नाडिहाल राफियाबाद का रहने वाला था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चरारे शरीफ में हिंसक झड़पों में दर्जन भर युवक घायल हो गए। अलगाववादियों के चरारे शरीफ मार्च के आह्वान को देखते हुए शहर को सील कर दिया गया था। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में रैली को नाकाम बनाया गया। यहां लोग देश विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। हाजिन में हुर्रियत नेता की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शन हुए।श्रीनगर के पुराने बरजुल्ला, नटीपोरा तथा रामबाग इलाके में पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे।

नटीपोरा तथा पुराने बरजुल्ला के लोग रामबाग की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, इसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। यहां हिंसक झड़पों में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पांपोर में कुछ युवाओं की गिरफ्तारी के बाद जमकर प्रदर्शन हुए।
 

 

 

 

आपकी प्रतिक्रिया