सर्जिकल का राजनीतिक स्ट्राईक

Publsihed: 28.Jun.2018, 22:44

अजय सेतिया / कश्मीर भाजपा और कांग्रेस की आपसी जंग का हथियार बन गया है | वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे अरुण शौरी ने सर्जिकल स्ट्राईक का मुद्दा उठा कर मोदी को भड़का दिया | अगर वह अभी यह मुद्दा न उठाते तो सर्जिकल स्ट्राईक के वीडियो लोकसभा चुनाव के वक्त दिखाए जाते | शौरी ने सरकार को तुरंत वीडियो जारी करने को मजबूर किया | अगर पत्रकार के नाते अरुण शौरी की विश्वसनीयता कांग्रेस से ज्यादा न होती , तो वीडियो तुरंत जारी नहीं किए जाते | मोदी ने मौक़ा देख सर्जिकल का राजनीतिक स्ट्राइक कर दिया | कम्युनिस्टों को छोड़ कर अब इन वीडियो पर कोई सवाल नहीं उठा रहा | कांग्रेस तो भयंकर बचाव की मुद्रा में है | सुरजेवाला ने सफाई दी है कि सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राईक का समर्थन किया था | मोदी सेना के बलिदान को वोट में बदलने की कोशिश कर रहे हैं | सेनिकों की शहादत पर वोट की खेती कर रही है भाजपा | मोदी सरकार जय जवान जय किसान के नारे का शोषण कर रही है |

अपन को सूरजेवाला के बयान पर क्या एतराज होगा | मोदी ने मौक़ा देख कर ही सेना के वीडियो लीक करवाए हैं | दो दिन से सारे न्यूज चेनल दिन रात वीडियो को एक्सक्ल्यूसिव बता कर चला रहे हैं | कांग्रेस की नींद हराम होना स्वाभाविक ही है | सर्जिकल स्ट्राईक के बाद नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों की मीटिंग बुलाई थी | तब कांग्रेस ने बाकायदा सर्जिकल स्ट्राईक का समर्थन किया था | इस मीटिंग में राहुल गांधी नहीं गए थे | बाद में जब कांग्रेस के ही संजय निरुपम और “आप” के केजरीवाल ने सवाल उठाए | तो दो दिन बाद ही राहुल गांधी ने भी सवाल उठा दिए थे | उस के बाद तो कांग्रेस के हर नेता ने सर्जिकल स्ट्राईक पर सवाल उताए | पी.चिदम्बरम ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राईक हुआ है,तो उस का वीडियो जारी किया जाए | यानि सवाल मोदी पर नहीं, सेना पर उठाया जा रहा था | लो अब हो गया वीडियो जारी | अब कांग्रेस कह रही है, हम ने तो सवाल ही नहीं उठाया, सवाल तो शौरी और यशवंत सिन्हा ने उठाए थे, जो भाजपा का अंदरुनी मामला है | जब राहुल गांधी ने केजरीवाल की भेडचाल में सर्जिकल स्ट्राईक पर सवाल उठाया था | अपना तभी मानना था कि राहुल गांधी ने मक्खियों के छते में हाथ डाल दिया है | वह मोदी को नहीं जानते | अब जब वीडियो लीक हो गया ,तो कांग्रेस सफाई देती घूम रही है | अखिलेश,ममता,मायावती,लालू यादव ने भी सर्जिकल स्ट्राईक पर सवाल उठा कर उन परिवारों को नाराज किया, जिन के बेटे सेना में भर्ती हैं |

सिर्फ सर्जिकल स्ट्राईक नहीं , कश्मीर के हर वाकया पर विपक्ष की बयानबाजी जनभावना के अनुकूल नहीं | मोदी उस का फायदा उठाने में क्यों चूकेंगे | पीडीपी के साथ सरकार बनाकर मोदी जरुर रक्षात्मक थे | उन का खुद का काडर भी कश्मीर पर मोदी से खुश नहीं था | महबूबा सरकार गिरा कर मोदी ने खुद को अपने काडर के कोप से बचा लिया है | कांग्रेस को लगता है कि मोदी अब कश्मीर में सेना को खुली छूट देंगे | जिस से आतंकवादियों का सफाया होगा और देशभर में मोदी के के पक्ष में हवा बनेगी | कांग्रेस एसा समझती है , तो उसे अपने बयान जरा सोच समझ कर देने चाहिए | जब कि कांग्रेस के नेताओं के बयान ऐसे आते हैं कि पाकिस्तान में लीड बन रहे हैं | गुलामनबी आज़ाद ने उस दिन कह दिया कि सेना कश्मीरियों पर जुल्म कर रही है | क्या यह बयान  सेना के खिलाफ नहीं | आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोयबा ने बाकायदा बयान जारी कर के गुलामनबी के बयान का समर्थन किया | जो पाकिस्तान में सुर्खियाँ बना | कांग्रेस के ही नेता संदीप दीक्षित ने सेनाध्य्क्ष को सडक का गुंडा कह दिया था | राहुल गांधी से लेकर पी.चिदम्बरम, गुलामनबी आज़ाद, संजय निरुपम , संदीप दीक्षित , दिग्विजय सिंह हर कोई तो सेना पर सवाल उठाता रहा है | अब सुरजेवाला किस मुहं से कांग्रेस की सफाई दे रहे हैं | आप खुद तो मोदी को वोट के लिए सेना का इस्तेमाल करने का मौक़ा देते रहे हो | फिर कहते हैं कि मोदी सेना का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं | पर गंभीर सवाल यह है कि सरकार ने सर्जिकल स्ट्राईक के वीडियो जारी नहीं किए | तो ये अति महत्वपूर्ण वीडियो लीक कैसे हुए | विपक्ष दूध का धुला होता , तो मुद्दा वीडियो लीक की जांच का उठाना चाहिए था |

आपकी प्रतिक्रिया