7 राज्यपाल, 6 नए मंत्री जल्द , बड़े मंत्रियों के विभाग बदलेंगे

Publsihed: 23.Aug.2017, 18:20

नई दिल्ली | मंत्रिमंडल फेरबदल के बाद मोदी सरकार का स्वरूप ही बदल जाएगा | कुछ ऐसी अटकले राजनीतिक गलियारों में शुरू हो गई हैं | खबर है कि गृह,  रक्षा, वित्त और रेल मंत्रालयों में भी बदलाव होगा | अरुण जेटली को गृह, राजनाथ सिंह को रक्षा, नितिन गडकरी को रेल एंव सडक परिवहन और पीयूष गोयल को वित्त विभाग दिया जा सकता है | अन्ना द्रमुक और जदयू के एक-एक केबिनेट और दो-दो राज्यमंत्री बनाए जाएंगे | भाजपा के कुछ मंत्रियों जैसे पीयूष गोयल , धर्मेन्द्र प्रधान , राज्यवर्धन राठौर को पदोन्नती दी जाएगी | कल राज मिश्र, लाल जी टंडन और विजय कुमार मल्होत्रा सहित कम से कम सात नए राज्यपाल बनाए जा रहे हैं |

मनोहर परिकर जब गोवा के मुख्यमंत्री बन कर गए तो अरुण जेटली को वित्त के साथ साथ रक्षा मंत्रालय फिर से दिया गया | अब जबकि एक हफ्ते के भीतर मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं , तो ख़बरें आ रहीं है कि नरेंद्र मोदी पिछले दबावों से बाहर निकल कर मंत्रिमंडल बनाएंगे | सवा तीन साल पहले जब सरकार बनी थी, तब राजनाथ सिंह पार्टी के अध्यक्ष थे , इस लिए उन्हें गृह मंत्री का दूसरा बड़ा पद देना मोदी की मजबूरी थी | नरेंद्र मोदी ने भाजपा के अध्यक्ष पद पर अपने करीबी अमित शाह को बिठाने के लिए राजनाथ सिंह को गृहमंत्री बना दिया था , हालाकि सभी जानते हैं कि गृहमंत्री पद पर वह उनकी पसंद नहीं थे |

अमित शाह के राज्यसभा सदस्य बनाने पर अटकलें थी कि राजनाथ सिंह की जगह पर अमित शाह को गृहमंत्री और जेपी नड्डा या भूपेन्द्र यादव को पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है | जेपी नड्डा विद्ध्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक और भूपेन्द्र यादव छात्र जीवन में विद्ध्यार्थी परिषद की विश्वविध्यालय स्तर की शाखा के अध्यक्ष रहे हैं | जेपी नड्डा का पार्टी में विस्त्रत आधार है, जबकि भूपेन्द्र यादव का पार्टी में आधार सिर्फ अरुण जेतली हैं | लेकिन ये अटकलें पूरी तरह बेबुनियाद थीं, क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव तक नरेंद्र मोदी किसी भी अन्य के हाथ में पार्टी की बागडौर नहीं सौंपेगे | पार्टी के टिकट बंटवारे में अध्यक्ष की अहम् भूमिका हो जाती है और नरेंद्र मोदी किसी अन्य पर भरोसा नहीं कर सकते | अमित शाह गुजरात के विधायक थे और गुजरात विधानसभा का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है | पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा का चुनाव तो नहीं लड़ सकता, इसलिए उन्होंने राज्यसभा में आने का फैसला किया | वैसे भी पार्टी अध्यक्ष को राज्यसभा में लाने की परम्परा रही है | सिर्फ नितिन गडकरी ने यह कहते हुए राज्यसभा में आने से इनकार कर दिया था कि वह चुनाव जीत कर संसद में आएँगे |

अटकल सही दिखाई देती है कि नरेंद्र मोदी गृहमंत्रालय अब अपने किसी ख़ास वफादार के साथ में सौंपना चाहते हैं | अमित शाह के बाद मोदी जिस पर भरोसा करते हैं , वह अरुण जेटली हैं, इसलिए गृहमंत्री पद के लिए अब नया नाम अरुण जेटली का चल रहा है, जब कि राजनाथ सिंह को रक्षामंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं | लेकिन मोदी के सामने सब से बड़ी अडचन आरएसएस है, अरुण जेटली संघ की पसंद नहीं हैं | इस लिए नरेंद्र मोदी ने रणनीति के तहत अरुण जेटली को हाल ही में केरल भेजा था , जब वहा वामपंथियों ने संघ के एक स्वयसेवक की हत्या की थी | कायदे से वहां गृह मंत्री या गृह राज्य मंत्री को जाना चाहिए था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने वित्तमंत्री अरुण जेटली को भेजा | इसे उन्हें संघ के करीब लाने की रणनीति के तौर पर देखा गया |

अरुण जेटली को अगर गृह मंत्री बनाया जाता है तो रक्षा मंत्री के साथ वित्तमंत्री भी नया लाया जाएगा | ख़बरें हैं कि नरेंद्र मोदी का  रेलमंत्री प्रभु पर विशवास बढ़ा है , हालांकि रेल दुर्घटनाओं के कारण उन की साख गिरी है, इस लिए गुरूवार को उन्होंने प्रधानमंत्री से मिल कर इस्तीफे की पेशकश की, तोदी ने उन्हें कुछ दिन इन्तजार करने को कहा | इस से स्पष्ट है कि उन्हें रेल मंत्रालय से हटाया जा रहा है | अटकल है कि अगर पीयूष गोयल को वित्त मंत्री बनाया जाता है तो सुरेश प्रभु को ऊर्जा मंत्री बनाया जाएगा | सुरेश प्रभु पहली एनडी सरकार में ऊर्जा मंत्री के तौर पर काफी हद तक सफल रहे थे | 

अगर ऐसा होता है तो रेल मंत्री नया ढूंढना होगा | वैसे रेल, सड़क और परिवहन को एक मंत्रालय के अधीन लाने की बड़ी योजना पर भी विचार हो रहा है , लेकिन उस में अभी समय लगा , तो भी नितिन गडकरी को रेलमंत्रालय सौंपा जा सकता है | वैसे भी इस साल से रेल मंत्रालय का अलग बजट तो बंद हो ही चुका है | 

आपकी प्रतिक्रिया