मायावती का डर

उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह को नेस्तनाबूद करके मायावती के मुख्यमंत्री बनने पर भी कांग्रेस को कोई फायदा नहीं हो रहा है। अलबत्ता  हालात और विकट हो गए हैं। मुलायम सिंह की हैसियत उत्तर प्रदेश  से बाहर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी। लेकिन मायावती की हैसियत अब बाकी राज्यों में पांव फैलाकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की हो गई है। शुरूआती मीठी-मीठी बातों के बाद मायावती ने अब कांग्रेस के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया है। मायावती ने चुनाव में साथ देने वाले उत्तर प्रदेश के ब्राह्मण नेताओं को गाड़ी-घोड़ा का इंतजाम करके राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और गुजरात रुखसत कर दिया है। इन ब्राह्मण नेताओं को इन सभी चुनाव वाले राज्यों में ब्राह्मण वोटरों को लुभाने की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस का पुराना ब्राह्मण-दलित गठजोड़ इन सभी राज्यों में बसपा के साथ जुड़ा, तो नुकसान कांग्रेस को ही होगा। मायावती ने कांग्रेस की नीतियों को भी निशाने पर ले लिया है। उन्होंने भारत-अमेरिका एटमी करार का विरोध करके सोनिया को अपने तेवर दिखा दिए हैं।

Leave a Reply

 

You can use these XHTML tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <blockquote cite=""> <code> <em> <strong>