कल से राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष, पर्चा दाखिल

Publsihed: 04.Dec.2017, 14:34

नई दिल्लीः राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन भर दिया है | वह कांग्रेस अध्यक्ष का पद अपनी मां सोनिया गांधी से ग्रहण करेंगे, जो 19 साल तक कांग्रेस अध्यक्ष रही | नामांकन दाखिल करने के समय पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, अहमद पटेल, सुशील कुमार शिंदे, कमलनाथ, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलौत, तरूण गोगोई, शीला दीक्षित और मोहसीना किदवई भी मौजद थीं |

सोनिया गांधी कहीं दिखाई नहीं दी, हालांकि प्रस्तावकों में उन का नाम भी था | गौरतलब है कि आगामी 9 दिसंबर को कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन है | इसलिए पार्टी संगठन उन्हें शानदार विदाई देना चाहता है | शायद इसी कवायद में पार्टी नेताओं ने सोनिया गांधी को आज नामांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं होने का सुझाव दिया था | कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि सोनिया गांधी ने राहुल गांधी के नामांकन पत्र में प्रस्तावक के रूप में अपने हस्ताक्षर दिए हैं | इस नामांकन पत्र में सोनिया गांधी के अलावा शीला दीक्षित, अहमद पटेल, मोतीलाल वोरा, मनमोहन सिंह, कमलनाथ तरुण गोगोई, अशोक गहलोत ने भी प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं| 

पार्टी में कई नेता चाहते हैं कि सोनिया गांधी पार्टी में सलाहकार या मार्गदर्शक के रूप में अपना योगदान दें | लेकिन राहुल गांधी अध्यक्ष बनने के बाद भी सोनिया के साये में रहते हैं तो राजनीतिक रूप से यह पार्टी के लिए उचित नहीं होगा | नेहरू-गांधी परिवार के राहुल गांधी पांचवीं पीढ़ी के सदस्य और छठे शख़्स हैं, जो अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बनेंगे |

132 साल पुरानी पार्टी कांग्रेस की कमान 45 साल तक नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के हाथों में रही है | इस परिवार से सोनिया गांधी सबसे लंबे समय 19 साल तक कांग्रेस प्रमुख रहीं | जवाहरलाल नेहरू 11 साल तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे | इसके अलावा इंदिरा गांधी सात साल, राजीव गांधी छह साल और मोतीलाल नेहरू दो साल कांग्रेस प्रमुख रहे थे |

Rahul gandhi, sonia gandhi

आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल की करने की आखिरी तारीख आज (4 दिसंबर) तक का समय था | यदि इस पद पर केवल पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का ही नाम आता है तो कल (5 तारीख) ही राहुल गांधी की ताजपोशी हो सकती है | ऐसा माना जा रहा है कि गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस को अपना नया अध्यक्ष मिल जाएगा | 

गौरतलब है कि कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के हाल ही में हुए चुनावों के बाद नई चुनी गई प्रदेश कमिटियों ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पहले ही पास कर दिया है |  47 साल के कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 2004 से संसद में उत्तरप्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं | जिस तरह गुजरात चुनाव के पहले राहुल गांधी की ताजपोशी होने वाली है ऐसे में गुजरात चुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम हो जाता है |

पार्टी के नए अध्यक्ष के चुने जाने के बाद  कांग्रेस अधिवेशन में इस पर मुहर लगेगी और नई कांग्रेस वर्किंग कमेटी चुनी जाएगी | बता दें कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी पार्टी में फैसले लेने वाली सर्वोच्च इकाई है |

 

आपकी प्रतिक्रिया