हुड्डा,वीरभद्र और केजरीवाल बनाम सीबीआई 

Publsihed: 08.May.2017, 23:43

वीरभद्र सिंह के बाद भूपेन्द्र सिंह हुड्डा भी सीबीआई के हत्थे चढ़ गए | अगली बारी अरविन्द केजरीवाल की है | सीबीआई ने कोई 35 दिन पहले वीर भद्र सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करी थी | कोर्ट ने सीबीआई की चार्जशीट का संज्ञान ले लिया है | अब सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने वीरभद्र सिंह को तलब किया है | पत्नी प्रतिभा सिंह को भी तलब किया है | वह भी हिमाचल की कुल्लू सीट से सांसद रही हैं | साथ में आधा दर्जन लोग और भी तलब किए हैं | चुन्नी लाल, जोगिन्द्र सिंह घलता , प्रेमराज , वक्मुल्ला चंद्रशेखर , लावन कुमार रोच और राम प्रकाश भाटिया | 22 मई को पेश होने को कहा है | जरूरत से ज्यादा सम्पति का मामला है | उन ने दिल्ली में एक फ़ार्म हॉउस खरीदा था | वह यह नहीं बता पा रहे कि पैसा कहाँ से आया था | यह मामला तब का है , जब वह केंद्र में मंत्री थे | स्टील मंत्री के नाते जरूरत से ज्यादा संपत्ति का लफडा है | कोई दस करोड़ का हिसाब-किताब नहीं है | चार्जशीट में आरोप है कि जब वह केंद्र में मंत्री थे, तब उन की सम्पत्ति आमदनी से 192 गुना बढी | यानि यूपीए सरकार में जिस का दाव लगा था, उस ने लूटा था | वीरभद्र को आरोपों के चलते हटाया भी गया था | आरोपियों में एलआईसी का एजेंट आनंद चौहान भी है, जो अभी हिरासत में है | वह पिछले साल जुलाई से हिरासत में है | वीरभद्र के इसी केस में मनी लांड्रिंग का आरोपी है | साल 2007 और  2008 के दौरान वीरभद्र सिंह और आनंद चौहान के बैंक खातों में बड़ी रकम की लेनदेन हुई | कैश में भी बड़ा लेनदेन हुआ | आनंद चौहान ने वीरभद्र सिंह से  पांच करोड़ रुपये कैश ले कर अपने खाते में जमा करवाए | फिर उसने वीरभद्र सिंह और उनके रिश्तेदारों के नाम पर बीमा पॉलिसी खरीद दी । बैंक खाते में मोटी रकम जमा होने के कारण वह आयकर विभाग की नजर में आ गया | पिछले साल आनंद चौहान की गिरफ्तारी हुई , तब वीरभद्र को भी गिरफ्तारी का डर था | वह सुप्रीमकोर्ट में मदद के लिए पहुँच गए थे | सुप्रीमकोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट से सुनने को कहा | दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीआई  की गिरफ्तारी पर रोक लगवाई | पर लगता है सीबीआई को भी उतनी जल्दी नहीं थी | राजनीतिक दबाव भी हो, तो भी हिमाचल के चुनाव इस साल हैं | पिछले साल पुलिस गिरफ्तार क्यों करती | गिरफ्तारी की कोई संभावना न तब थी,न अब है | वीरभद्र सिंह अगले महीने 83 साल के हो जाएंगे | साढे चार साल पहले भी वीरभद्र पर केस था | उन पर जब भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो 2011 में इस्तीफा देना पडा था | पर सोनिया ने 2012 के चुनाव में वीरभद्र को ही हिमाचल की बागडोर सौंपी | सोनिया गांधी पूरी तरह लाचार थी | किसी और को आगे कर के कांग्रेस जीत ही नहीं सकती थी | अब पांच साल बाद भी हिमाचल में कांग्रेस जस की तस है | वीरभद्र की रहनुमाई में ही जीतेगी, वीरभद्र की रहनुमाई में ही हारेगी | वीरभद्र को किनारे कर कांग्रेस नहीं जीत सकती | वीरभद्र ने कांग्रेस में किसी को उभरने ही नहीं दिया | किसी जगह अगर सोनिया-राहुल की नहीं चली,तो वह हिमाचल है | नहीं तो अब तक आनंद शर्मा सीएम् हो गए होते \ करीब करीब वैसी ही हालत हरियाणा की है | भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को किनारे कर के कांग्रेस कुछ नहीं | भूपेन्द्र सिंह ने भी सोनिया परिवार से वफादारी पूरी तरह निभाई | इतनी निभाई कि सरकारी कागज़ पर ही लिख दिया कि राबर्ट वढेरा का मामला है, नियम बदल दो | अब भले ही खुद कटघरे में हैं | भाजपा ने चुनावों में राबर्ट वढेरा के जमीन घोटालों को मुद्दा बनाया था | सरकार बनी, तो जांच कमेटी बनी | धींगरा कमेटी की रिपोर्ट आ चुकी | लैंड डील के अनेकों मामले हैं, जहां सरकार ने लैंड यूज बदल कर फायदा पहुंचाया | जब तक किसान के पास जमीन थी, लैंड यूज नहीं बदला | जब वढेरा एंड कम्पनी ने जमीनों के ब्याने दिए, लैंड यूज बदल गया | फिर वढेरा एंड कम्पनी ने जमीनें आगे बेच दीं | इसे कहते हैं, सत्ता के माध्यम से पैसा बनाना | इस बहती यमुना में कई मझौले किस्म के राजनीतिबाजों ने भी हाथ धोए | चौदह तो आईएएस स्तर के अफसर हैं | वे अपना हिस्सा तुरंत काट लेते हैं |  इसी तरह पंचकूला के 14 प्लाटों का मामला है | इंडस्ट्रियल  प्लाटों के लिए 6 जनवरी 2012 तक आवेदन मांगे थे | बहुतेरों ने आवेदन किया | पर प्लाट किसी को नहीं मिला | प्लाट मिला जुगाडू 14 लोगों को, जिन ने टाईम निकल जाने के बाद 24 जनवरी को अप्लाई किया था | यह होती है जुगाडुओ की सत्ता में हनक | अब सोमवार को हुड्डा भी सीबीआई में तलब हुए | अपन को एनडीए के सूत्र बता रहे थे अभी तो शुरुआत हुई हुई है | एनडीए का इरादा वढेरा और नेशनल हेराल्ड केस में भी हुड्डा को लपेटने का बना हुआ है | हुड्डा कई मामलों में सीबीआई के चक्कर लगाया करेंगे | हुड्डा के बाद अब अगली बारी होगी अरविन्द केजरीवाल की | वैसे तो सीबीआई  दो बार छापा मार कर फाईलें खंगाल ही रही है | अब मंगलवार को  कपिल मिश्रा शिकायत लेकर पहुंचेगा | कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल ने उस के सामने सतिन्द्र जैन से 2 करोड़ रूपए लिए | सीबीआई तो केजरीवाल के खिलाफ सबूत का इन्तजार कर ही रही है | सबूत मिलेगा, तो केजरीवाल की खैर नहीं | केजरीवाल के दिन वैसे भी बुरे चल रहे हैं | आने वाले दिनों में और बुरे होंगे | इस घर को आग लगेगी, घर के चिरागों से | 

.

आपकी प्रतिक्रिया