हरियाणा पुलिस की नालायकी के चर्चे तो पहले से थे

Publsihed: 08.Nov.2017, 21:33

अजय सेतिया / गुडगाँव के रेयान स्कूल में हुई बच्चे की हत्या ने नया मोड़ लिया है | जिस ने हरियाणा पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए | अपन को शुरू से ही लगता था कि खुद मनोहर लाल खट्टर को अपनी पुलिस पर भरोसा नहीं | इस लिए उन ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए थे | सीबीआई ने पुलिस की सारी कहानी ही बदल कर रख दी |  दूसरी कक्षा के प्रद्युम्न ठाकुर की गला काटकर हत्या स्कूल के टायलेट में की गई थी | हालांकि सीसीटीवी फुटेज में कंडक्टर अशोक और पांच लोग भी देखे गए थे | पर पुलिस ने हडबडी में बस कंडक्टर अशोक कुमार को गिरफ्तार कर उस से कबूलनामा भी करवा लिया | बाद में कंडक्टर  ने कहा था कि कैसे दबाव से कबूलनामा करवाया गया | तब इंदोर के एक वकील श्रीनिवास राय शंकर ने अपनी फेसबुक पर हरियाणा पुलिस पर सवाल उठाए थे | इंदोर के इस वकील की थ्योरी पर ही अब सीबीआई ने स्कूल के ही ग्यारहवी के छात्र को गिरफ्तार किया है | सीबीआई का दावा है कि इस हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए ड्राइवर और कंडक्टर का कोई हाथ नहीं है | और न यह यौन शोषण का मामला है | छात्र 18 साल से कम उम्र का है | सो उस पर जुवेनाईल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू होगी | उसे जेजे बोर्ड के सामने पेश किया गया | सीबीआई चाहती है कि उस पर सामान्य क़ानून के तहत कार्रवाई हो | पिछले साल ही जे जे क़ानून में बदलाव किया गया है | अब अगर जेजे बोर्ड ठीक समझेगा तो हत्या और बलात्कार के मामले सामान्य क़ानून में चल सकेंगे | पर पहले उस वकील श्रीनिवास राय शंकर की 16 सितम्बर की पोस्ट पढ़ लीजिए | वह लिखते हैं :-" घटनास्थल पर ही स्कूल के दो छात्र जो ताइकांडो सीखते हैं | वे दूसरे टायलट मे कपड़े बदल रहे थे | उनको आरोपी ने भी देखा | और एक काला चश्मा लगाए लड़का सीसीटीवी फुटेज मे भी आया है | इनमे से ही हैं -प्रद्युम्न  के हत्यारा है | पर पुलिस ने कंडक्टर अशोक को आरोपी बनाया है | बाद में अशोक ने बताया कि प्रिंसिपल व पुलिस के कहने पर उसने जुर्म कबूल किया | वह निर्दोष है | उसे कहा गया था कि दो चार दिन मे तुम्हारी जमानत हो जाएगी | यानी असल गुनाहगार कोई और है | और जो है उसे प्रिंसिपल-पुलिस व स्कूल प्रबंधन बचाना चाहते हैं | जितना मै इस केस को दूर बैठकर समझ पाया हूं इसमे बच्चे को स्कूल के ही छात्रों मे से किन्ही ने मारा है | हो सकता है बगल के टायलेट मे मौजूद ताइकांडो वाले लड़को ने ही मारा हो | और खून लगे ड्रेस उतारकर टायलेट मे स्कूल ड्रेस बदल रहे हों | और वे प्रभावशाली परिवार के लड़के हों  | उन्हे आरोपी ने टायलेट मे कपड़ा बदलते खुद देखा ही था | कंडक्टर  अशोक के पास कोई मोटिव तो हत्या का होना चाहिए था | पर उन दो ताइकांडो के छात्रों के पास हो सकता था | उनसे ,प्रिंसिपल से ,कड़ाई से पूछताछ होनी चाहिए | फिर भी यह जानना हमेशा सबके लिए बहुत जरूरी रहेगा कि मासूम ने ऐसा क्या देखा | किया या कहा ?  जिसके लिए उसको यूं हत्यारों ने मार दिया | कहीं ऐसा तो नही कि ताइकांडो वाले लड़के किसी गेम-वेम के टास्क को पूरा करने मे बच्चे को मार डाले हों | फिर तो वीडियो भी बनाए होंगे | खैर अब सीबीआई  केस देखेगी-तो नये-2 ऐंगल आते रहेंगे | पर कोई नही कह सकता कि इस बच्चे को ,उसके मां बाप को पता नही कभी न्याय मिलेगा भी या नहीं ?" और इस पोस्ट के 64 दिन बाद वही हुआ | सीबीआई ने स्कूल के ही ग्यारहवी के छात्र को गिरफ्तार कर लिया | सीबीआई का बताया हत्या का कारण अभी गले नहीं उतरता | सीबीआई ने बताया है कि उस ने उस दिन होने वाला इम्तिहान टलवाने के लिए हत्या की | पर उस दिन इम्तिहान नहीं टला | और जिसे गिरफ्तार किया गया है, उस ने भी इम्तिहान दिया है | प्रद्युम्न के पिता वरुण ठाकुर ने फिलहाल सीबीआई जांच से संतुष्टि जताई है | उन्होंने भी मान लिया है कि उनके बेटे की हत्या 11वीं कक्षा के छात्र ने ही की है | कंडक्टर वाले मामले पर तो उन्हें भी संदेह था | इसी लिए तो वह सीबीआई से जांच करवाने की जिद्द पर अड़े थे | वरुण ठाकुर ने कहा पुलिस की थ्योरी पर किसी को भी भरोसा नहीं हो रहा था | हालांकि स्कूल के टॉप मैनेजमेंट से जुड़े लोगों से पूछताछ की मांग अभी बरकरार है | आरोपी 11वीं के छात्र को फिलहाल 3 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया है | उससे रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पूछताछ होगी | खैर सीबीआई कई दिन से पहले ही इस छात्र से पूछताछ कर रही थी | उसे कई दिन तक सीबीआई मुख्यालय में बुलाया जा रहा था | मंगलवार रात को  गिरफ्तारी की गई | पर मंगलवार सुबह से ही उस से पूछताछ हो रही थी | सीबीआई ने हरियाणा पुलिस की तो बजा कर रख दी , उस की नालायकी के चर्चे तो पहले से थे | 

 

आपकी प्रतिक्रिया