भारत का लालू यादव और पाक का नवाज शरीफ कुनबा 

Publsihed: 28.Jul.2017, 21:37

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने गजब का काम किया | प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार का दोषी ठहरा कर प्रधानमंत्री पद से अयोग्य करार दे दिया | पांच जजों की बेंच ने कहा कि नवाज शरीफ के खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए | दरअसल पनामा लीक ने नवाज शरीफ के काला धन छुपाने, भ्रष्‍टाचार और मनी लांड्रिंग की पोल खोली | कोर्ट ने नवाज शरीफ और परिजनों को दोषी पाया है |  21 जुलाई को पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने पनामा पेपर्स मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था | नवाज शरीफ के खिलाफ फैसला आते ही उनका सियासी भविष्‍य अधर में लटक गया | अपने यहाँ 1975 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ऐसी हिम्मत की थी | अदालत ने इंदिरा गांधी का लोकसभा का चुनाव रद्द किया था | प्रधानमंत्री पद से योग्य भी नहीं ठहराया था | फिर भी देश को इमरजेंसी झेलनी पडी थी | देश की जनता के मौलिक अधिकार खत्म कर दिए गए थे | जब कि अयोग्य करार देने के कुछ मिनटों बाद ही नवाज शरीफ ने प्र्धानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया | अपन भारत में ऐसी कल्पना भी नहीं कर सकते | मध्यप्रदेश के एक मंत्री का विधायक पद से निर्वाचन रद्द हुआ है | फिर भी वह इस्तीफा नहीं दे रहा था | अलबत्ता सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई कि उसे राष्ट्रपति के चुनाव में वोट डालने दिया जाए | पनामा पेपर लीक से  पता चला था कि नवाज शरीफ ने टेक्स की चौरी की | आय से ज्यादा सम्पत्ति बनाई | सो भ्रष्टाचार किया होगा | अपने तो दर्जनों नेता टेक्स चोरी में पकडे गए हैं | दर्जनों नेताओं पर आय से ज्यादा सम्पत्ति के मामले लटके हुए हैं | सालो-साल लटकते रहते हैं | पर किसी को इस्तीफा नहीं देना पडता | नवाज शरीफ को अदालत ने मौक़ा दिया था कि वह अपनी सम्पत्ति का हिसाब किताब दे | वह अदालत को संतुष्ट नहीं कर पाए .....और अयोग्य ठहरा दिए गए | अपने यहाँ  मायावती, मुलायम, लालू का सारा कुनबा , वीरभद्र सिंह सब आय से अधिक सम्पत्ती वाले हैं | पर किसी को इस्तीफा नहीं देना पडता | बस एक जयललिता जरुर कुर्सी से हटी और जेल गई थी | पर उस का भी बाद में क्या बिगड़ा था | वह फिर मुख्यमंत्री बन गई थी | लालू चारा घोटाले में जेल गए, पर बाद में देश के रेल मंत्री बन गए |पनामा लीक में अपने अमिताभ बच्चन का नाम भी तो है | अपन को कुछ चीजें तो पाकिस्तान से सिखनी चाहिए | जैसे अपन 65 साल में महिला आरक्षण तय नहीं कर पाए | यूपीए राज में सोनिया गांधी ने राज्य सभा से महिला आरक्षण बिल पास करवाया था | पर लोक सभा से नहीं करवाया | नियत होती तो लोकसभा से भी पास हो जाता | पर उधर पाकिस्तान, जहां औरतें परदे में रहती हैं | उन्हें नेशनल एसेम्बली में 50 फीसदी आरक्षण है | भ्रष्टाचार तो जितना भारत में है, उतना ही पाकिस्तान में भी होगा | पर भ्रष्टाचार के मामले में प्रधानमंत्री की भी ऐसी दुर्गत हो जाती है , जैसी शुक्रवार को नवाज शरीफ की हुई | अपन तो पिछले 50 साल से लोकपाल बिल के एक मुद्दे पर ही उलझे हुए है | लोकपाल के दायरे में प्रधानमंत्री को रखा जाए, या न रखा जाए | कांग्रेस के जितने भी प्रधानमंत्री बने, उन ने नहीं रखने वाला बिल पेश किया | तो बीजेपी प्रधानमंत्री को क़ानून के दायरे में लाने की मांग करती रही | अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे में लाने वाला बिल पेश किया | तो कांग्रेस दायरे में नहीं लाने की मांग करती रही | अन्ना हजारे दिल्ली में आ कर धरने पर बैठ गए तो मनमोहन सिंह के राज में बिल पास हुआ | बिना प्रधानमंत्री को दायरे में लाए | पर लोकपाल बना आज तक नहीं | भ्रष्टाचार  के खिलाफ जंग का एलान कर सत्ता में आए मोदी ने भी लोकपाल नहीं बनाया | तीन साल बीत गए | सुप्रीम कोर्ट भी गुस्सा जाहिर कर चुकी | तुरंत लोकपाल बनाने का हुक्म दे चुकी | पर फिर भी लोकपाल नियुक्त नहीं हुआ | खैर अपन को आज पाकिस्तान की बात करनी है | जहां नवाज शरीफ को इस्तीफा देना पडा है | बेचारे नवाज शरीफ की किस्मत ही खराब है | तीसरी बार प्रधानमंत्री बने थे | पर तीनों ही बार पांच साल की टर्म पूरी नहीं कर पाए | कारगिल युद्ध के बाद परवेज मुशर्रफ ने नवाज शरीफ का तख्ता पलट दिया था | बल्कि नवाज शरीफ को देश निकाला भी मिल गया था | पर 2013 में वह वापस लौटे और चुनाव में बहुमत हासिल किया | पर वह पीएम् का कार्यकाल पूरा न कर पाए | इस बार फिर वैसा ही हुआ | वैसे पाकिस्तान का लोकतंत्र अपने जैसा मजबूत नहीं | नवाज शरीफ तो क्या | कोई भी प्रधानमंत्री आज तक अपना टर्म पूरा नहीं कर पाया | यों तो नवाज शरीफ का सारा कुनबा ही फंस गया है | जैसे अपने यहाँ लालू यादव का सारा कुनबा फंस गया है | पर फिलहाल नवाज शरीफ ने अपने छोटे भाई शाहबाज़ को प्रधानमंत्री बनवा दिया है, जो पाकिस्तानी पंजाब के मुख्यमंत्री थे | 

 

आपकी प्रतिक्रिया