हेग की अदालत में कन्फ्यूज्ड पाकिस्तान 

Publsihed: 13.May.2017, 23:24

सोमवार को हेग की अंतर्राष्ट्रीय अदालत में कुलभूषण जाधव मामले की सुनवाई होगी | अपने वकील हरीश साल्वे सजा-ए-मौत रोके जाने के प्रोविजनल स्टे मिलने पर पूरी तरह आश्वस्त हैं | पाकिस्तान यूरोपीय वकील का जुगाड़ कर रहा है | यों कई पाकिस्तानी हेग की अदालत में जज रह चुके हैं | पाकिस्तान के अटार्नी जनरल अश्तर औशफ ने उन पाकिस्तानियो से सलाह मशविरा किया | अश्तर औशफ  का पहला आईडिया है कि हेग की अदालत के अधिकार को चुनौती दी जाए | हेग की अदालत में जज रहे चुके पाकिस्तानी उन से सहमत नहीं हुए | अश्तर औशाफ की यह दलील कामन वेल्थ समझौते से जुडी है | यह समझौता 1974 में हुआ था | जिस के मुताबिक़ कामन वेल्थ देश आपसी टकराव के मुद्दों पर आपसी बातचीत से हल करेंगे | दोनों पक्षों की सहमति के बाद ही हेग की अदालत का दरवाज़ा खडकाया जा सकेगा | अशरफ औशाफ ने 1999 का उदाहरण दिया है | जब पाकिस्तान हेग की अदालत में इसी आधार पर केस हार गया था | कारगिल युद्ध के तुरंत बाद भारतीय सेना ने रण-आफ-कच्छ में पाकिस्तान नेवी का लड़ाकू विमान मार गिराया था | अटलांटिक एयरक्राफ्ट में सवार सभी 16 पाकिस्तानी सेनिक मारे गए थे | विमान का मलबा बार्डर के दोनों और गिरा था | पकिस्तान ने सारी दुनिया में भारत के खिलाफ हल्ला मचाया | भारत पर पाकिस्तानी सीमा के भीतर पाक का विमान गिराया गया | पाकिस्तान ने तुरंत अंतर्राष्ट्रीय हेग अदालत में 6 करोड़ डालर के हरजाने का केस डाला था | भारत की तरफ से तब अटार्नी जनरल सोली सोराबजी हेग में पेश हुए | सोली सोराबजी की पहली दलील कामनवेल्थ समझौते की थी | उन की दूसरी दलील यह थी कि पाकिस्तान ने 1991 के भारत-पाक समझौते का भी उलंघन किया | इस समझौते के मुताबिक़ दोनों देशों के लड़ाकू विमान सीमा के 10 किलोमीटर के दायरे में नहीं आ सकेंगे | पाकिस्तान की दो लच्चर दलीलें थी | उन की दोनों दलीलों पर उन की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिल्ली उडी थी | पहली दलील तो यह थी कि विमान लड़ाकू नहीं था | दूसरी दलील यह थी कि विमान पाकिस्तान की सीमा में ही था, भारत ने पाक सीमा में उड़ रहे विमान को उड़ाया | पाकिस्तान ने यह साबित करने के लिए कई देशों के राजदूतों को मौक़ा-ए-वारदात का मुआईना भी करवाया था | राजदूत ही पाकिस्तान के दावे से सहमत नहीं थे | उधर भारत अपनी तरह गिरे मलबे को तुरंत दिल्ली उठा लाई थी | दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के सामने पाकिस्तानी विमान के मलबे की नुमाईश कर दी थी | करीब दस महीने सुनवाई चली | जून 2000 में अदालत ने फैसला सुनाया | फैसले में कहा गया कि यह मामला अंतर्राष्ट्रीय अदालत की जुरीडिक्शन में नहीं आता | पाकिस्तान ने छह करोड़ हरजाने का दावा ठोका था | केस लड़ने में पाकिस्तान के 4 लाख डालर खर्च हो गए थे | अब पाकिस्तान के अटार्नी जनरल अटलांटिक एयरक्राफ्ट का उदाहरण दे रहे हैं | जबकि पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अली सोफान अटार्नी जनरल से सहमत नहीं | अली सोफान साधे तीन साल हेग की अदालत में जज रहे हैं | वह लाहौर हाईकोर्ट के भी जज रहे हैं | उन का कहना है कि कामनवेल्थ का मामला होने के बावजूद यह मानवाधिकार का मामला है | अंतर्राष्ट्रीय अदालत का मानवाधिकार के आधार पर अधिकार क्षेत्र है | पाकिस्तान के  कानूनविद अधिकार क्षेत्र के मामले में दोफाड़ हैं | अटार्नी जनरल ने कई क़ानूनविदों से सलाह की | एक नई दलील पाकिस्तान के अंदरुनी क़ानून से सम्बंधित है | इस क़ानून के मुताबिक़ पाकिस्तान की सुरक्षा से जुड़े मामले हेग अदालत की ज्यूरिडिक्शन से बाहर होंगे | यह नया संशोधन मार्च में ही जोड़ा गया | यानी कुलभूषण जाधव को फांसी देने की साजिश सरकार और सेना ने मिल कर बहुत पहले बना ली थी | दोनों को पहले से केस के अंतर्राष्ट्रीय अदालत में जाने की आशंका भी थी | पाकिस्तान का यह क़ानून हेग की अदालत में चलेगा या नहीं | इस को ले कर भी पाकिस्तान के अटार्नी जनरल कन्फ्यूज्ड हैं | पाकिस्तान की सब से बड़ी मुश्किल दूसरी है | वह भारत को  काउंसर एक्सेस नहीं दे कर विएना कन्वेंशन का उलंघन कर चुका है | पाकिस्तान में एक सुझाव और  दिया जा रहा है | वह सुझाव यह है कि हेग की अदालत में कहा जाए कि भारत जल्दबाजी में हेग दौड़ा आया है | अभी तो पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट पडी हुई है | उस के बाद भी कई दरवाजे खुले हुए हैं | इस सुझाव के साथ सरबजीत का उदाहरण दिया जा रहा है | जिस की सजा-ए-मौत की सजा माफ़ कर दी गयी थी | वैसे दुनिया बेहतर जानती है कि सरबजीत को किस तरह जेल में मार डाला गया था | पूरी तरह कन्फ्यूज अटार्नी जनरल ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को कई दिशाओं की सलाह  दी है | उन सभी तरह की सलाहों के साथ सब से बड़ी सलाह यह है कि विदेशी वकीलों की सलाह ली जाए | उम्मींद यही है कि अपने वकील हरीश साल्वे के सामने पाकिस्तानी के अटार्नी जनरल के साथ कोई गौरा वकील खडा होगा | 

 

 

आपकी प्रतिक्रिया