गुजरात में कांग्रेसी राहुल से ज्यादा हार्दिक पर फ़िदा है 

Publsihed: 01.Nov.2017, 11:40

अजय सेतिया / गुजरात में चुनाव बहुत मजेदार हो गया है | हार्दिक पटेल बेचारे 24 साल के हैं | राहुल की उम्र से आधे | चुनाव लड़ने की उम्र भी नहीं हुई अभी | पर राहुल गांधी से ज्यादा भीड़ खिंच रहे हैं | भाजपा ने हार्दिक की होटल वाली सीडी लीक करा कर चोट मारी थी | लगता था कि अनाडी हार्दिक फंस गया है | उस की लोकप्रियता पर असर पड़ेगा | उसे अपने समर्थकों को सफाई देनी भी पडी | पर कांग्रेस को आरक्षण पर फैसले का अल्टीमेटम दे कर हार्दिक बच निकले | हार्दिक की रविवार के भावनगर में हुए रोड शौ की चर्चा दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में भी सुनाई दी | यह रोड शौ कांग्रेस को आरक्षण पर फैसला करने के अल्टीमेटम के बाद हुआ | हार्दिक ने अल्टीमेटम का दाव चल कर भाजपा को चित कर दिया | पर भावनगर की रैली में वह कांग्रेस के खिलाफ बोले कुछ नहीं | यानी कांग्रेस और हार्दिक की खिचडी पक गई है | कांग्रेस हार्दिक के भाव नगर वाले भाषण से खुश है | पहले मोदी भावनगर गए थे ,जहां उन ने रोड शौ भी किया | फिर राहुल गांधी उसे धोने भावनगर गए | पर कांग्रेसी राहुल गांधी के भावनगर कार्यक्रम का जिक्र नहीं करते | अलबत्ता हार्दिक पटेल के रोड शौ का जिक्रे करते हैं | कांग्रेसियों को लगता है कि काश हार्दिक उन का नेता होता | हार्दिक ने भावनगर में भाजपा पर जम कर प्रहार किए | राहुल गांधी तो इतना बोल ही नहीं पाते | हार्दिक ने " विकास गांडो थायो छे " को तो बहुत पीछे छोड़ दिया | उन ने भाव नगर में नया नारा दिया है- " विकास लूलो थायो छे | " यानि विकास लूला-लंगडा हो गया है | मोदी का मजाक उड़ाते हुए हार्दिक पटेल ने कहा कि फेरी की सुविधा का जो उद्घाटन मोदी ने किया है | वह भाव नगर के मेयर को करना चाहिए था | जब मेयर स्तर के उद्घाटन प्रधानमंत्री कर रहा हो तो विकास पागल नहीं हुआ, लूला-लंगडा हो गया है | मंगलवार को संसद के सेंट्रल हाल में राजू परमार से मुलाक़ात हो गई | वह हार्दिक पटेल के इस बयान से बेहद खुश थे | जिस में उन ने कहा - " आखिर मोदी आ कर रोएगा , भावनात्मक बातें करेगा | गुजरातियों कहीं उस के आसुयों के झांसे में न आ जाना | " हालांकि अपन को अब भी लगता है कि गुजरात में भाजपा जीतेगी | पर मोदी और अमित शाह के पसीने जरुर छूट जाएंगे | खासकर सूरत में तो भाजपा की रेल बनी पड़ी है | कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्र मंगलवार को सूरत से लौटे थे | जो देख कर आए, उस से वह बागों-ओ-बाग़ थे | सूरत की 16 सीटों पर कांग्रेस बहुत उम्मींद लगाए हुए है | पर कांग्रेस को खुद से ज्यादा हार्दिक पटेल , अल्पेश ठाकुर और ज्ग्नेश मवाणी पर भरोसा है | ये तीनों वहां वहां जा रहे हैं, जहां जहां से मोदी और अमित शाह लौट रहे हैं | वहां जा कर इन दोनों की मेहनत पर पानी फेर आते हैं | उन से बड़ा तमाशा कर आते हैं | गुजरात के पटेल अपने 24 साल के छोरे पर फ़िदा हैं | पर अपन को भाजपा का एक बड़ा नेता कह रहा था -" जीतेगी भाजपा ही | " अपन ने उस के इतने विशवास का कारण पूछा | तो उन का तर्क था कि कांग्रेस में दम नहीं | उस के पास नेतृत्व नहीं | राहुल अपनी राष्ट्रीय नेता की छवि नहीं बना पा रहे | न ही विजन की नुमाईश कर पाए हैं | लोग उसे राजनीति का अनाडी ही मानते हैं | उन का मानना है कि इस समय शंकर सिंह वाघेला कांग्रेस के साथ होते तब मुश्किल होती | फिलहाल तो शंकर सिंह वाघेला पिक्चर से बाहर हैं | पर वह पिक्चर में जरुर आएँगे | अब वाघेला का मकसद भी वही है, जो मोदी और अमित शाह का | तीनों कांग्रेस को हराने का पूरा जोर लगा देंगे | पर बात भाजपा नेता की | अपन ने उन्हें कहा- " चुनाव में वोटिंग अब पोजिटिव नहीं होती | आप कांग्रेस को ले कर चिंता न करें | उसे पोजिटिव वोट नहीं मिलेगा | पर चुनाव में भाजपा के खिलाफ नेगेटिव वोट पडेगा , तो फायदा कांग्रेस को ही होगा |" अब जाते जाते आम आदमी पार्टी की बात | चर्चा थी कि नेगेटिव वोटों को तितर-बित्तर करने के लिए भाजपा ने आप की गुजरात ईकाई को पटाया है | जिस ने केजरीवाल से 150 लड़ने पर हामी भरवा ली थी | इस खबर से कांग्रेस में खलबली मची और केजरीवाल को ममता के माध्यम से पटाया गया | ताकि भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा न हो | अब आम आदमी पार्टी 11 टिकटों का एलान कर के शांत हो गई है | 

आपकी प्रतिक्रिया