नतीजों से पहले कांग्रेस की सौदेबाजी

Publsihed: 11.Mar.2022, 07:30

अजय सेतिया / हमको मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन दिल बहलाने को ग़ालिब ये ख्याल अच्छा है | कोई राजनीतिक दल एग्जिट पोल के नतीजों को मानने को तैयार नहीं | हो भी क्यों , दो महीनों की कमर तोड़ मेहनत पर ये टीवी चैनल वाले चार मिनट में पानी फेर देते हैं | इस से चुनाव आयोग ही अच्छा है , जो कम से कम थकान उतारने के लिए तीन दिन की मोहलत तो देता है | एग्जिट पोल में जिसे जीतता दिखाया जाता है , वह भी खुश नहीं होता , क्योंकि एग्जिट पोल उस की कम सीटें दिखा रहा होता है , हारने वाला तो एग्जिट पोल माने ही क्यों | वैसे एग्जिट पोल आम तौर पर खरे उतरते भी नहीं | सारे एग्जिट पोल यूपी में भाजपा को जीतता दिखा रहे हैं | हम यहाँ हर एक के एग्जिट पोल की चर्चा करने की बजाए सभी एग्जिट पोलों का एवरेज निकाल कर बात करते हैं , तो भाजपा को यूपी में 242 सीटें मिलती दिख रहीं हैं | यानी सरकार आसानी से बनेगी लेकिन पिछली बार से 70 सीटें कम हैं | लेकिन योगी आदित्यनाथ इस लिए एग्जिट पोल को मानने को तैयार नहीं क्योंकि उन के हिसाब से सीटें 350 आएँगी |

अखिलेश यादव ने तो एग्जिट पोल से पहले ही ट्विट कर दिया कि सभी कार्यकर्ताओं को , समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है | हालांकि चुनाव जब शुरू हुआ था तो उन्होंने 403 में से 400 सीटें जीतने का दावा किया था , एक एक सीट पर भाजपा , कांग्रेस और बसपा जीतेगी | पर कुछ दिनों बाद उन्होंने सीटें घटा कर 300 कर दी थीं , अब चुनाव हो जाने के बाद उन्होंने सिर्फ सरकार बनाने का दावा किया है | यही दावा सपा की सहयोगी आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी का भी है | जबकि सभी एग्जिट पोल का एग्रीगेट सपा गठबंधन को 142 तक सीटें देता है , वैसे यह पिछली बार से सौ ज्यादा है | अगर नतीजे एग्जिट पोल के मुताबिक़ ही आए , तो सब से ज्यादा घाटे में रहेंगे स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह और , धर्म सिंह ठाकुर |  काग्रेस की तरफ से यूपी का चुनाव प्रियंका गांधी लड रही थी | यह एक तरह से उन मेडन चुनाव था , वह इतनी उत्साहित थी कि एक बार तो खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीन्द्वार ही घोषित कर दिया था , लेकिन जब किसी ने समझाया कि बहुत बड़ी फजीहत हो जाएगी , तो उन्होंने अगली प्रेस कांफ्रेंस में कह दिया कि वह तो मजाक कर रही थीं | प्रियंका गांधी को अभी भी लगता है कि कांग्रेस ने 159 महिला उम्मीन्द्वार दिए थे , इसलिए कांग्रेस जीतेगी |

उतराखंड और गोवा में कडा मुकाबला हुआ | दोनों जगह कुछ भी हो सकता है | पिछली बार भाजपा से ज्यादा सीटें आने के बावजूद कांग्रेस सरकार नहीं बना पाई थी , लेकिन इस बार ऐसी चूक न हो , इसलिए उतराखंड और गोवा में सौदागरों को भेज दिया है | ताकि दो-चार सीटें घट रही हों , तो अपने विधायकों को तुरंत नजरबंद कर के कहीं ले जाएं और दो-चार का बन्दोबस्त हो सके | उतराखंड में सरकार बनवाने के लिए भेजे गए दीपेन्द्र हुड्डा ने उत्तराखंड में तो सरकार बनाने का दावा किया ही है , उन्होंने यूपी में भी दावा किया कि गैर भाजपा सरकार कांग्रेस के बिना नहीं बनेगी | हालांकि एग्जिट पोल ने कांग्रेस को सिर्फ 4 सीटें जीतता हुआ दिखाया है | बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने करिश्माई नतीजों की भविश्यवाणी की हुई है | उन की प्रतिक्रिया नहीं आई , लेकिन एग्जिट पोल में बसपा को 11 सीटों पर निपटता दिखाया गया है | उत्तराखंड में पोल आफ पोल का एग्रीगेट भाजपा को 35 , कांग्रेस को 32 , आप एक और अन्य दो सीटें है | हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का दावा ज्यादा सीटों का है , लेकिन हरीश रावत कुछ साफ़ बोलते नहीं दिखे | यानी वह ज्यादा आश्वस्त नहीं हैं |

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत भी एग्जिट पोल को मानने को तैयार नहीं है | सभी एग्जिट पोल के एग्रीगेट में भाजपा और कांग्रेस को 16-16  सीटें बनती हैं | अगर ऐसे ही नतीजे आए तो कांग्रेस का चांस ज्यादा हो सकता है | लेकिन वह पिछली गलती दोहराना नहीं चाहती | पिछली बार कांग्रेस ज्यादा सीटें ला कर भी सरकार नहीं बना सकी थी | इस बार कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के यहाँ वक्त से पहले ही झोली फैला दी है | पेशकश यह है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सपोर्ट करेगी , गोवा में वह उसे सपोर्ट दे दे | वैसे पंजाब में सभी एग्जिट पोल आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिखा रहे हैं | आप को 66, कांग्रेस को 25 , अकाली 22 और भाजपा 4 , हालांकि अपना मानना है कि पंजाब में त्रिशंकू नतीजे होंगे | आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा , भले ही सब से बड़ी पार्टी के तौर पर उभरे | तो कांग्रेस और आम आदमी [पार्टी में गोवा-पंजाब का सौदा हो सकता है | जहां तक मणिपुर का सवाल है , तो यूपी की तरह वहां भी भाज[पा को स्पष्ट बहुमत मलना तय है |

 

 

आपकी प्रतिक्रिया