दो सीएम दो डिप्टी सीएम पहली गिरफ्तारी किस की

Publsihed: 03.Jan.2024, 12:59

इंडिया गेट से अजय सेतिया/ गिरफ्तारी चारों की होनी है| दो मुख्यमंत्री हैं, दो उप मुख्यमंत्री| पदों पर रहते हुए घोटाले चारों ने किए हैं| बचेगा कोई नहीं| यह मोदी की देश को गारंटी है| जो सरकारी खजाने को लूटेगा, वह जेल जाएगा| पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की बात| दोनों के पिता भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं और दोनों जेल जा चुके हैं| तेजस्वी यादव के पिता लालू यादव चारा घोटाले में सजा भुगत चुके हैं|

तेजस्वी यादव पर जो ताजा मुकद्दमा है, वह रेलवे में नौकरियों के बदले मजबूर गरीबों की जमीने अपने नाम करवाने का है| यह घोटाला तब हुआ, जब सोनिया गांधी की मनमोहन सरकार में लालू यादव रेल मंत्री थे| इस आरोप में लालू यादव खुद और उनका सारा कुनबा चार्जशीटेड है| सवाल यह भी है कि लालू यादव पहले जेल जाएंगे या तेजस्वी यादव| तेजस्वी और लालू दोनों को ही पेशी का नोटिस आया हुआ है| तेजस्वी को 22  दिसंबर का नोटिस था, लालू यादव को 27 दिसंबर का, दोनों पेश नहीं हुए| ईडी ने अब तेजस्वी यादव को 5 जनवरी को पेश होने का नोटिस दिया हुआ है| सीबीआई और ईडी के पास पुख्ता सबूत हैं|

दूसरा नंबर है, हेमंत सोरेन का| उनके पिता शीबू सोरेन भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं| जब केंद्र में कांग्रेस की नरसिंह राव की सरकार थी, तब शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के चार सांसदों में से एक थे| नरसिंह राव की अल्पमत सरकार को बचाने के लिए शीबू सोरेन ने कांग्रेस से 50 लाख की रिश्वत ली थी| सूरज मंडल, साइमन मरांडी और शलेन्द्र महतो ने भी 50-50 लाख रूपए लिए थे| चारों ने रिश्वत के पैसे बैंक में जमा करवाए थे| शिबू सोरेन पर अपने सक्रेटरी शशिनाथ झा की हत्या का भी आरोप लगा था| निचली अदालत में हत्या का आरोप साबित हो गया था, वह लंबे समय तक जेल में रहे, लेकिन हाईकोर्ट से बरी हो गए|

जैसे लालू यादव ने अपनी राजनीतिक और घोटालों की विरासत अपने बेटे तेजस्वी को सौंपी है| उसी तरह शिबू सोरेन ने भी अपनी विरासत अपने बेटे हेमंत सोरेन को सौंपी है| इस देश में भाजपा और वामपंथियों को छोड़ कर बाकी सभी दलों की राजनीतिक विरासत बेटों को मिलती है| फिर चाहे वह इंदिरा गांधी का बेटा राजीव गांधी हो या राजीव गांधी का बेटा राहुल गांधी, चौधरी चरण सिंह का बेटा अजित सिंह हो, या अजीत सिंह का बेटा जयंत चौधरी| चौधरी देवी लाल का बेटा चोटाला हो या मुलायम सिंह का बेटा अखिलेश यादव हो, बाल ठाकरे का बेटा उद्धव ठाकरे हो या प्रकाश सिंह बादल का बेटा सुखबीर बादल|  देवेगौडा का बेटा कुमार स्वामी हो या करुणानिधी का बेटा स्टालिन| या फिर बीजू पटनायक का बेटा नवीन पटनायक| बाप के बाद बेटे के पार्टी अध्यक्ष बनने की यह सूची और भी लंबी है| दक्षिण से लेकर उतर तक सभी दलों के नेता अपने बच्चों को ही पार्टी की विरासत सौंपते हैं| जिन नेताओं ने शादी नहीं की, जैसे ममता बनर्जी और मायावती, तो इन दोनों ने अपनी पार्टियों की विरासत अपने भतीजों के नाम कर दी है| भाजपा, कम्युनिस्ट और जेडीयू ही इस बीमारी से बचे हुए हैं|

अपन बात करे थे हेमंत सोरेन की| वह भी जमीनों के कई घोटालों में फंसे हैं| ईडी उन्हें सात नोटिस भेज चुकी है| सातवें नोटिस में जब ईडी ने लिखा कि वह 7 जनवरी से पेश हों, इस चिठ्ठी को वारंट समझें और दो दिन में बताएं कि कितने बजे और खान पूछताछ की जाए| इस सख्त भाषा के बाद उनके वकील कपिल सिब्बल के भी हाथ पाँव फूल गए| अब हेमंत सोरेन ने बंद लिफाफे में सातवें नोटिस का जवाब भेजा है| नियम के मुताबिक़ तीन नोटिस के बाद ईडी गैर जमानती वारंट जारी कर सकती है| लेकिन गैर जमानती वारंट एक मुख्यमंत्री के सामने रुकावट बनता है|

इसी का फायदा उठा कर अरविन्द केजरीवाल ने भी तीन नोटिसों की अनदेखी की है| अब अगर सहयोग न देने पर ईडी मुख्यमंत्री आवास जा कर हेमंत सोरेन से पूछताछ करती है, या उनकी गिरफ्तारी हो जाती है, तो अरविन्द केजरीवाल क्या करेंगे| हेमंत सोरेन की तरह केजरीवाल भी ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे| तीसरी बार भी उन्होंने कह दिया कि ईडी का नोटिस राजनीति से प्रेरित और अवैध है| केजरीवाल ईडी के वारंट को राजनीति कह कर बच नहीं सकते| शराब घोटाले से उनका सीधा ताल्लुक है, पार्टी को रिश्वत का पैसा मिला है, और वह पार्टी के कर्ता धर्ता हैं| वह मनीष सिसोदिया औए संजय सिंह को फंसा कर खुद बच नहीं सकते| तीनों बार ईडी को चिठ्ठी लिख कर शराब घोटाले को फर्जी बता चुके हैं| वह अपनी गिरफ्तारी पर जेल भरो आन्दोलन की योजना बना रहे हैं|

 लेकिन अगर हेमंत सोरेन और केजरीवाल की गिरफ्तारी होती है, तो इंडी एलायंस की दोनों सरकारों का क्या होगा| लालू यादव बता चुके हैं कि अपनी अनपढ़ पत्नी को मुख्यमंत्री बना कर जेल से कैसे सरकार चलाई जा सकती है| हेमंत सोरेन और केजरीवाल की पत्नियां तो पढ़ी लिखी हैं| केजरीवाल की पत्नी अफसर रही हैं| हेमंत सोरेन की पत्नी डाकटर हैं| अब कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की बात| सीबीअई डीके शिवकुमार की आय से अधिक संपति की जांच कर रही है| सीबीआई ने जयहिंद चैनल के मेनेजिंग डायरेक्टर को 11 जनवरी को पेश होने का नोटिस दिया है| इस चेनल में डीके शिवकुमार का पैसा लगा है| देखते हैं किस का नंबर पहले आता है, मेरा अनुमान है केजरीवाल सबसे पहले फंसेंगे| वह कांग्रेस की आँख की किरकिरी भी हैं|   

.....................

 

 

आपकी प्रतिक्रिया